By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Aug 19, 2026
झारखंड में कांग्रेस के मंत्रियों और विधायकों के एक प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की और ‘‘आंदोलनकारी छात्रों के हित में फैसले लेने’’ के लिए उनका आभार जताया। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई। राज्य सरकार ने सोमवार को हुई मंत्रिमंडल की बैठक के बाद जेएसएससी-संयुक्त स्नातक स्तरीय (सीजीएल) परीक्षा रद्द करने की घोषणा की थी, जिसकी आंदोलनकारी छात्र मांग कर रहे थे।
बयान के अनुसार कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल से बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य झारखंड के युवाओं और छात्रों के हितों की रक्षा करना है। सोरेन ने कहा, ‘‘राज्य सरकार युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर लगातार पूरी संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ फैसले लेती रही है और आगे भी ऐसा करती रहेगी।’’ प्रतिनिधिमंडल में मंत्री इरफान अंसारी, दीपिका पांडेय सिंह, शिल्पी नेहा तिर्की और विधायक रामेश्वर उरांव, प्रदीप यादव, कुमार जयमंगल, राजेश कच्छप, रामचंद्र सिंह, नमन बिक्सल कोंगाड़ी, भूषण बाड़ा और ममता देवी शामिल थे।