UP Assembly Election: Congress ने सपा से मांगी 175 से 200 सीटें, औपचारिक बातचीत शुरू

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 24, 2026

उत्तर प्रदेश में अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए समाजवादी पार्टी (सपा) के साथ सीट बंटवारे को लेकर कांग्रेस ने औपचारिक बातचीत शुरू कर दी है। आधिकारिक जानकारी के अनुसार, कांग्रेस ने 175 से अधिक सीट की प्रारंभिक सूची सौंपी है, जहां उसे लगता है कि वह गठबंधन में प्रभावी भूमिका निभा सकती है। कांग्रेस के उत्तर प्रदेश मामलों के प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने पीटीआई-भाषा को बताया कि यह सूची कुछ दिन पहले सपा नेताओं के साथ साझा की गई थी और जल्द ही दोनों दलों के नेता सीट बंटवारे पर विस्तृत चर्चा के लिए बैठेंगे।

हमारा साझा लक्ष्य भाजपा को सत्ता से हटाना है। उन्होंने कहा,‘‘ भाजपा को सत्ता से बाहर करने के लिए हम लोगों को समझाएंगे और हम ऐसा जरूर करेंगे। भाजपा को हराने के लिए यह गठबंधन प्रभावी ढंग से आगे बढ़ेगा।

उत्तर प्रदेश में कांग्रेस का जनाधार 1989 के बाद से लगातार घटा है। उस वर्ष पार्टी ने आखिरी बार राज्य में सरकार बनाई थी। कांग्रेस ने 2022 का विधानसभा चुनाव अकेले लड़ा था, लेकिन उसे केवल दो सीट पर जीत मिली थी।

यह संख्या 2017 में जीती गई सात सीट से भी कम थी। हालांकि, 2024 के लोकसभा चुनाव के नतीज ने पार्टी की उम्मीदें बढ़ाई हैं। उस चुनाव में कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश में सपा के साथ गठबंधन करके 80 में से छह लोकसभा सीट जीती थीं, जबकि सपा को 37 और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को 33 सीट मिली थीं।

गौतम ने कहा, “ 2024 का लोकसभा चुनाव इस बात का प्रमाण है कि दोनों दल (कांग्रेस और सपा) मिलकर प्रभाव डाल सकते हैं। इसलिए राजनीति में सार्थक लेन-देन की गुंजाइश होनी चाहिए।” उन्होंने कहा कि उन्हें उचित सीट बंटवारे की उम्मीद है और दोनों दल मिलकर उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। कांग्रेस की प्रदेश इकाई में हाल में हुए नेतृत्व परिवर्तन को भी सौहार्दपूर्ण सीट बंटवारे की व्यवस्था की दिशा में उठाए गए कदम के रूप में देखा जा रहा है।

पार्टी ने पूर्व अध्यक्ष अजय राय की जगह विधायक आराधना मिश्रा ‘मोना’ को प्रदेश अध्यक्ष बनाया है। कई लोगों का मानना है कि राय सपा के साथ चुनाव पूर्व गठबंधन के इच्छुक नहीं थे और उनका विचार था कि चुनाव के बाद समझौता करना पार्टी के लिए अधिक उपयुक्त रहेगा। हालांकि, कुछ नेताओं का मानना है कि सपा नेतृत्व के साथ मोना के बेहतर संबंध भी उनके चयन का एक कारण रहे हैं।

सूत्रों ने बताया कि भाजपा की रणनीति से सबक लेते हुए कांग्रेस ने भी पार्टी की स्थिति के आकलन के आधार पर सीटों को वर्गीकृत किया है। सीट बंटवारे पर बातचीत इसी पहलू पर केंद्रित होगी। वर्ष 2027 का चुनाव मुख्य रूप से भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) और सपा नीत विपक्ष के बीच होता दिख रहा है।

कांग्रेस, सपा के साथ विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ में शामिल है और सीट बंटवारे में बड़ा हिस्सा मांग रही है। राजग के छोटे सहयोगी दल अपना दल (एस) और निषाद पार्टी की सहायक भूमिका रह सकती है। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) एक अलग राजनीतिक कारक बनी हुई है, जबकि सीट बंटवारे और जातीय समीकरणों का चुनाव पर असर पड़ने की संभावना है।

प्रमुख खबरें

13-14 वर्ष की बच्चियों के मां बनने पर Governor Anandiben Patel ने जताई चिंता

Gujarat में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 17 IAS अफसरों के तबादले

Germany के बोखुम में आग से जान गंवाने वाले Kerala के तीन युवाओं के पार्थिव शरीर पहुंचे

Ministry of Home Affairs सेना के साथ मिलकर तैयार करेगा 60000 स्वयंसेवकों का Civil Defence Network