CEC ज्ञानेश कुमार तुरंत इस्तीफा दें: चुनाव प्रक्रिया में गड़बड़ी पर Congress का बड़ा हमला

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Sep 24, 2026

कांग्रेस ने बृहस्पतिवार को कहा कि चुनाव प्रक्रिया की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं और यदि मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार में थोड़ी भी नैतिकता है तो उन्हें पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने एक खबर का हवाला देते हुए यह दावा भी किया कि इस ‘‘घिनौनी साजिश’’ के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को भी जवाबदेह ठहराया जाएगा। उन्होंने यह टिप्पणी उस वक्त की जब अंग्रेजी दैनिक इंडियन एक्सप्रेस’ की एक रिपोर्ट में यह कहा गया है कि गोवा में 97 मतदाताओं के मामलों में निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी (ईआरओ) ने दस्तावेजों की जांच करने और सुनवाई के बाद उन्हें अंतिम मतदाता सूची में शामिल करने योग्य पाया था, लेकिन ‘‘ईसीआईनेट’’ सॉफ्टवेयर में उन्हें दोबारा शामिल करने का विकल्प उपलब्ध नहीं था।

उन्होंने दावा किया कि दिल्ली में 54 प्रतिशत और सभी राज्यों में करीब 12 करोड़ मतदाताओं को हटाया या चिह्नित किया गया है। कांग्रेस महासचिव ने आरोप लगाया कि ईआरओ की ईसीआईनेट तक पहुंच सीमित करना ‘‘केंद्रीकरण की अवैध कार्रवाई’’ है। रमेश ने खबर का हवाला देते हुए कहा कि निर्वाचन आयोग के दो आयुक्तों ने इस मुद्दे को लेकर कैबिनेट सचिव को पत्र लिखकर आपत्ति जताई थी।

कांग्रेस महासचिव ने आरोप लगाया कि नए मतदाताओं को जोड़ने के लिए इस्तेमाल होने वाले फॉर्म-6 की प्रक्रिया को भी कठिन बनाया गया है और इससे पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं के प्रभावित होने की आशंका है। उन्होंने दावा किया कि हरियाणा और महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों के नतीजों के बाद से राहुल गांधी चुनाव प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाते रहे हैं, जो अब सही साबित हो रहे हैं। कांग्रेस नेता ने ज्ञानेश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा ‘‘पहले कदम के तौर पर सीईसी ज्ञानेश कुमार को तुरंत इस्तीफा दे देना चाहिए।’’ उन्होंने यह दावा भी किया कि कुमार के इस्तीफे के बाद इस ‘‘घिनौनी साजिश’’ के लिए प्रधानमंत्री और गृह मंत्री को ‘‘जवाबदेह ठहराया जाएगा।

प्रमुख खबरें

Asian Games Squash: Abhay Singh और Veer Chotrani पुरुष सिंगल्स के Quarter Final में पहुंचे

इधर जिनपिंग ने अमेरिका में किया लैंड, उधर सैटेलाइट इमेज ने कर दिया चीन के परमाणु वारहेड पर बड़ा खुलासा!

Jamshedpur के Marine Drive पर खड़े ट्रक से टकराई कार, मंत्री की बेटी समेत 4 की मौत

Maithili Thakur बोलीं- बिहार में सुरक्षित हूं, तो भड़के लेखक Neeraj Pandey ने याद दिला दी जमीनी हकीकत!