By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 02, 2026
ईटानगर, दो नवंबर कांग्रेस ने सोमवार को अरुणाचल प्रदेश में प्रस्तावित 11,200 मेगावाट की पनबिजली परियोजना रद्द करने और सियांग नदी पर बांध निर्माण के विरोध में गिरफ्तार किए गए लोगों को रिहा करने की मांग की। अरुणाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने एक बयान में कहा कि कोई भी विकास परियोजना ‘‘स्थानीय समुदायों की पैतृक भूमि, पहचान, संस्कृति और आजीविका की कीमत पर’’ नहीं लागू की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित ‘सियांग अपर मल्टीपर्पज प्रोजेक्ट’ (एसयूएमपी) से प्रभावित होने वाले लोगों की पूर्व सहमति लेना अनिवार्य है।
कांग्रेस ने प्रस्तावित परियोजना से प्रभावित होने वाले क्षेत्रों से अतिरिक्त सुरक्षा बलों को हटाने, नुकसान उठाने वाले लोगों को पर्याप्त मुआवजा देने और घायल प्रदर्शनकारियों को चिकित्सा सहायता तथा पुनर्वास मुहैया कराने की भी मांग की। एपीसीसी ने राज्य सरकार और केंद्र से संवाद तथा विश्वास बहाली के उपायों के जरिए सियांग क्षेत्र में शांति बहाल करने की अपील की। पार्टी ने समाज के सभी वर्गों से ‘‘एकजुटता बनाए रखने और शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीकों से आंदोलन जारी रखने’’ की अपील की।
उसने कहा, ‘‘सियांग बचाओ, अपनी जमीन बचाओ और अपने लोगों को बचाओ।’’ भारत की सबसे बड़ी जलविद्युत परियोजनाओं में से एक के रूप में परिकल्पित इस परियोजना का आदिवासी आदि समुदाय के कुछ वर्ग लगातार विरोध कर रहे हैं। इनमें विशेष रूप से प्रस्तावित परियोजना से प्रभावित होने वाले क्षेत्रों के निवासी शामिल हैं।