Ritu Barala मामले में Congress का Jaipur Police कमिश्नरेट पर धरना खत्म, जाएगी कोर्ट

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 21, 2026

कांग्रेस नेताओं ने भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) की नेता ऋतु बराला से कथित मारपीट के मामले में प्राथमिकी दर्ज नहीं किए जाने के विरोध में जयपुर पुलिस आयुक्तालय में दो दिन से जारी धरना बुधवार दोपहर समाप्त कर दिया। इससे पहले, राजस्थान पुलिस ने कांग्रेस नेताओं को लिखित में बताया कि इस मामले में ‘शून्य प्राथमिकी’ दर्ज नहीं की जा सकती, क्योंकि इसी घटना से संबंधित शिकायत की जांच दिल्ली में पहले से ही की जा रही है। जयपुर पुलिस की ओर से लिखित जवाब मिलने के बाद कांग्रेस नेताओं ने धरना समाप्त कर दिया और आयुक्तालय से बाहर आ गए।

हम मामला दर्ज कराने और कानून की व्याख्या के लिए उच्च न्यायालय तथा उच्चतम न्यायालय का रुख करेंगे। हमारे पास अदालत जाने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा है। हम ऋतु बराला को न्याय दिलाना सुनिश्चित करेंगे।’’ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष ने यह भी कहा कि पार्टी उन पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू करेगी, जिन्होंने उनके अनुसार कानून की गलत व्याख्या की और प्राथमिकी दर्ज करने से रोका।

डोटासरा ने बताया कि मोती डूंगरी थाने के प्रभारी ने सोमवार शाम को प्राथमिकी दर्ज करने से इनकार कर दिया था और कांग्रेस नेताओं से पुलिस आयुक्त से आदेश लेने को कहा था। उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘हम आयुक्त से मिलने आए थे, लेकिन वह यहां मौजूद नहीं थे। अतिरिक्त आयुक्त ने हमें इंतजार करने के लिए कहा, लेकिन वह भी हमें कुछ बताए बिना चले गए।’’ डोटासरा, बराला और कांग्रेस के अन्य नेताओं ने सोमवार को सबसे पहले मोती डूंगरी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज नहीं की जिसके बाद सोमवार शाम को ही कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने आयुक्तालय के गलियारे में डेरा डालकर धरना शुरू कर दिया।

डोटासरा ने कहा कि कांग्रेस नेता दो रात आयुक्तालय में डटे रहे, लेकिन पुलिस ने मंगलवार तक अपने फैसले के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं दी। उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘पुलिस अधिकारी केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के इशारे पर काम कर रहे हैं। न तो पुलिस आयुक्त, न ही गृह विभाग संभाल रहे मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और न ही अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने उनका फोन उठाया।’’ उन्होंने सरकार पर एक महिला की न्याय की मांग की अनदेखी करने का आरोप भी लगाया।

यह घटनाक्रम ऐसे समय हुआ है, जब कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने डोटासरा से राजस्थान की रहने वाली ऋतु बराला के साथ कथित मारपीट के मामले में कानूनी कार्रवाई करने को कहा था। राहुल गांधी ने दिल्ली पुलिस पर छात्र प्रदर्शनकारियों के साथ मारपीट करने और संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने से इनकार करने का आरोप लगाया था। राहुल गांधी ने 16 अक्टूबर को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में दावा किया था कि दिल्ली पुलिस ने केरल की अथिरा और राजस्थान की बराला समेत कई विद्यार्थियों के साथ मारपीट की, लेकिन इस मामले में प्राथमिकी दर्ज करने से इनकार किया जा रहा है।

प्रमुख खबरें

Shaurya Path: Rudra और Prachand को स्वदेशी 20mm Aviation Gun से लैस करेगा India, China और Pakistan चिंतित

AISA अध्यक्ष Neha Bora की याचिका पर Delhi High Court में 22 अक्टूबर को सुनवाई

डर, कर्ज या करियर की परेशानी? किस समस्या में करें हनुमान जी का कौन-सा पाठ?

Election Commission टीम मणिपुर पहुंची, 5 राज्यों के विधानसभा चुनाव की तैयारी शुरू