Congress पर नरेंद्र मोदी का निशाना, कहा वो मेरी कब्र खोदने में व्यस्त और मैं गरीबो का जीवन बेहतर बनाने में लगा हूं

By रितिका कमठान | Mar 12, 2023

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कर्नाटक के दौरे पर हैं जहां उन्होंने बेंगलुरु-मैसूर एक्सप्रेसवे की सौगात दी। उन्होंने कई योजनाओं का शिलान्यास किया है। इसके बाद उन्होंने एक जनसभा को संबोधित किया जिसमें उन्होंने कांग्रेस पार्टी पर जमकर निशाना साधा है। इस वर्ष उनकी ये छठी कर्नाटक की यात्रा है। इस यात्रा के दौरान पीएम मोदी कांग्रेस पार्टी पर जमकर बरसे।

 इस साल कर्नाटक के छठे दौरे पर आए मोदी ने कहा कि राज्य के तेजी से विकास के लिए ‘‘डबल इंजन’’ सरकार जरूरी है। कर्नाटक में इस साल मई में विधानसभा चुनाव होने हैं। मोदी ने मांड्या जिले में यहां 118 किलोमीटर लंबी बेंगलुरु-मैसूरु एक्सप्रेसवे परियोजना का उद्घाटन करते हुए कहा, ‘‘देश के विकास और उसके लोगों की प्रगति के लिए डबल इंजन सरकार के प्रयासों के बीच कांग्रेस और उसके साथी क्या कर रहे हैं?...कांग्रेस मोदी की कब्र खोदने का ख्वाब देख रही है।’’ यहां एक जनसभा में मोदी ने कहा, ‘‘कांग्रेस मेरी कब्र खोदने में लगी हुई है जबकि मोदी बेंगलुरु-मैसूरु एक्सप्रेस बनाने में लगा है। कांग्रेस मोदी की कब्र खोदने में लगी है जबकि मोदी गरीबों की जिंदगी बेहतर बनाने में लगा है।’’ 

 उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस के जो लोग मोदी की कब्र खोदने का ख्वाब देख रहे हैं उन्हें यह नहीं पता कि करोड़ों माताओं, बहनों, बेटियों और लोगों की दुआएं मोदी के लिए सबसे बड़ा सुरक्षा कवच है।’’ मोदी ने कहा कि 2014 से पहले ‘‘केंद्र में एक गठबंधन सरकार विभिन्न प्रकार के लोगों के समर्थन से चल रही थी।’’ उन्होंने दावा किया, ‘‘उसने गरीब लोगों और गरीब परिवारों को बर्बाद करने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी। जो पैसा गरीबों के विकास के लिए था, कांग्रेस सरकार ने उसमें से हजारों करोड़ रुपये लूटे।’’ 

 प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने कभी गरीबों की परेशानियों और तकलीफ की परवाह नहीं की। उन्होंने कहा, ‘‘2014 में जब आप लोगों ने मुझे आपकी सेवा करने का मौका दिया तो इससे देश में गरीबों के लिए एक सरकार बनने का मार्ग प्रशस्त हुआ, ऐसी सरकार जो गरीबों का दुख और तकलीफ समझती हो।’’ मोदी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार ने गरीबों की सेवा करने तथा उनकी परेशानियों को दूर करने के लिए हरसंभव प्रयास किए। इस कार्यक्रम में कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई, केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी, फिल्मी दुनिया से राजनीति में आईं मांड्या की लोकसभा सदस्य सुमलता अंबरीश भी मौजूद थीं। 

 अंबरीश ने हाल में भाजपा को समर्थन देने की घोषणा की थी। इससे पहले मोदी का मांड्या शहर में एक विशाल रोडशो के दौरान गर्मजोशी से स्वागत किया गया और उन्होंने भी भीड़ में शामिल लोगों पर वापस फूलों की पंखुड़ियां फेंककर अपने भाव जाहिर किये। मोदी ने रास्ते के दोनों ओर कतारबद्ध खड़े लोगों का हाथ हिलाकर अभिवादन किया। उन्हें अपनी कार के बोनट पर एकत्रित फूलों की पंखुड़ियों को उठाकर भीड़ पर फेंकते देखा गया। वह अपनी कार से उतरे और उनके स्वागत में प्रस्तुति देने वाले लोक कलाकारों से मिले।

प्रमुख खबरें

Iran में Khamenei के लिए मातम, USA-Israel को चेतावनी- जरा सी गलती पर होगा बड़ा हमला

Nothing Phone 4a खरीदने वालों को बड़ा झटका, New Launch से पहले तीसरी बार बढ़े दाम

Pro League में Team India का खराब प्रदर्शन, दिग्गज PR Sreejesh ने कोच Craig Fulton से पूछे चुभते सवाल।

FIFA World Cup 2026: Airport Security पर शांत खड़े रहे Lionel Messi, वायरल वीडियो ने मचाई धूम