Rahul में कोई ‘आग’ नहीं, लेकिन हिंदू-मुस्लिम विभाजन की कोशिश कर आग से खेल रही Congress: राजनाथ सिंह

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | May 05, 2024

नयी दिल्ली। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी में कोई ‘आग’ नहीं है जबकि उनकी पार्टी चुनावी फायदे के लिए हिंदू-मुस्लिम विभाजन की कोशिश कर आग से खेल रही है। सिंह ने ‘पीटीआई-भाषा’ को दिए एक साक्षात्कार में यह संकेतभी दिया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) लगातार तीसरी बार सत्ता में आने पर समान नागरिक संहिता (यूसीसी) और ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ जैसी बड़ी योजनाओं पर अमल करेगी। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें विश्वास है कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) 400 सीटों का आंकड़ा पार करेगा और भाजपा को 370 से अधिक सीट मिलेंगी क्योंकि यह अनुमान जमीनी स्थिति के विस्तृत मूल्यांकन के बाद लगाया गया है।

रक्षा मंत्री ने कहा कि देश के लोग प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर विश्वास जताएंगे और पिछले पांच साल में सरकार के प्रदर्शन के आधार पर भाजपा की सीटों की संख्या में उल्लेखनीय सुधार होगा।’’ उन्होंने कहा, ‘‘उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल में हमारी सीट बढ़ेंगी और तमिलनाडु में हमें कुछ सीट मिलेंगी। केरल में भी हमारा खाता खुलेगा। हम आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में भी अच्छी-खासी सीट जीत रहे हैं।’’ उन्होंने कहा कि भाजपा 370 का आंकड़ा पार करेगी। सिंह ने कहा, ‘‘ओडिशा, झारखंड और असम में भी हमारी सीट बढ़ेंगी। हम छत्तीसगढ़ में सभी सीट जीतेंगे।’’

यह पूछे जाने पर कि क्या महाराष्ट्र में भाजपा की सीटें कम होंगी, इस पर उन्होंने कोई सीधा जवाब नहीं दिया, लेकिन कहा कि वहां सीटें ऊपर-नीचे हो सकती हैं। भाजपा के वरिष्ठ नेता ने संपत्ति के ‘‘पुन: वितरण’’ की कांग्रेस की योजना को लेकर उस पर निशाना साधते हुए कहा कि देश की अर्थव्यवस्था पर इसके विनाशकारी परिणाम होंगे। सिंह ने कहा, ‘‘संपत्ति के पुन: वितरण की अवधारणा से मंदी आएगी। अर्जेंटीना और वेनेजुएला ने इसे लागू किया और विनाशकारी परिणामों का सामना किया। निवेशकों का भारत से भरोसा उठ जाएगा।’’

सत्ता में लौटने पर यूसीसी और ‘एक राष्ट्र एक चुनाव’ जैसी भाजपा की बड़ी योजनाएं लागू करने के बारे में सिंह ने कहा कि वह भारत के लोगों से जो वादा करती है, उन्हें पूरा भी करती है। भाजपा ने अपने चुनाव घोषणापत्र में सत्ता में लौटने पर यूसीसी लागू करने का संकल्प लिया है। उसने यह भी कहा है कि पार्टी ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ लागू करने के संकल्प के साथ आगे बढ़ेगी। सिंह ने कहा, ‘‘हम हमेशा अपने वादे पूरा करते हैं। हम अपनी विश्वसनीयता पर कभी प्रश्न चिह्न नहीं लगने देंगे और देश की एकता व अखंडता से समझौता नहीं करेंगे। हमने अपने चुनाव घोषणापत्र में जो भी कहते हैं, उसे लागू करते हैं। हमने जो भी कहा है, हमें उसे पूरा करना होगा।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हम ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ की योजना पर आगे बढ़ेंगे। हम इस पर सभी राजनीतिक दलों समेत प्रत्येक वर्ग की राय लेंगे।’’

यूसीसी पर रक्षा मंत्री ने कहा कि यहां तक ​​कि संविधान निर्माताओं को भी इसकी आवश्यकता महसूस हुई थी, जैसा कि नीति-निर्देशक सिद्धांतों में इसका उल्लेख है। उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस भय का माहौल पैदा करना चाहती है, वे हिंदू-मुस्लिम कार्ड का इस्तेमाल करना चाहते हैं।’’ सिंह ने आरोप लगाया, ‘‘उन्हें कोई समस्या नहीं है। वे जाति, नस्ल और धर्म के नाम पर समाज को बांटकर सरकार बनाना चाहते हैं और उन्होंने हमेशा ऐसा ही किया है।

प्रमुख खबरें

Diljit Dosanjh के Delhi Concert को मंजूरी नहीं, Delhi Police ने सुरक्षा कारणों से रोका

New York Mayor Zohran Mamdani हिंदू समुदाय संग नवरात्रि समारोह में शामिल हुए

Ahmedabad Express-way पर 25 करोड़ रुपये के ड्रग्स बरामद, पुलिस ने तीन तस्करों को पकड़ा

Crime Branch की पूछताछ में नहीं पहुंचे CJP कार्यकर्ता सौरव दास और आशुतोष, मांगा और समय