By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 27, 2026
कांग्रेस ने शुक्रवार को परिसीमन के मुद्दे लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला और आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हताश हैं तथा लोकसभा में धोखाधड़ी से दो-तिहाई बहुमत हासिल करना चाहते हैं। पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने इसे संविधान पर हमला करार देते हुए कहा कि विपक्ष सरकार के इस कदम का पूरी ताकत और दृढ़ संकल्प के साथ मुकाबला करेगा। रमेश ने यह दावा भी किया कि संसद की विशेष बैठक बुलाने के पीछे सरकार का असली मकसद महिला आरक्षण लागू करना नहीं, बल्कि परिसीमन के माध्यम से निर्वाचन क्षेत्रों का स्वरूप मनमाने ढंग से बदलना और लोगों की आवाज दबाना है।
उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘विनिर्माण उद्योग को गति देने में नाकाम मोदी सरकार अब लोकसभा में धोखाधड़ी से दो-तिहाई बहुमत हासिल करने में जुटी है। यह भारत के संविधान पर हमला है। इसका पूरी ताकत से विरोध किया जाना चाहिए और किया जाएगा।’’ उन्होंने कहा कि कांग्रेस का रुख इस मुद्दे पर स्पष्ट और लगातार एक जैसा रहा है।
पार्टी की मांग है कि लोकसभा की मौजूदा सदस्य संख्या अगले 25 वर्षों तक बरकरार रखी जाए और लोकसभा में राज्यों के बीच सीटों का मौजूदा वितरण भी अगले 25 वर्षों तक कायम रखा जाए। कांग्रेस महासचिव का कहना है कि महिलाओं के लिए एक-तिहाई आरक्षण और इस कोटे के तहत अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति की महिलाओं के लिए आरक्षण को 2029 के लोकसभा चुनाव से लागू किया जाना चाहिए। रमेश ने एक अन्य पोस्ट में आरोप लगाया, ‘‘यह चारों तरफ से घिरे, घबराए और बौखलाए प्रधानमंत्री द्वारा हताशा में उठाया गया कदम है।
लेकिन इसका पूरी ताकत और दृढ़ संकल्प के साथ मुकाबला किया जाएगा।’’ उन्होंने कहा कि महिलाओं को एक-तिहाई आरक्षण देने वाला नारी शक्ति वंदन अधिनियम सितंबर 2023 में संसद में सर्वसम्मति से पारित हुआ था और कांग्रेस अध्यक्ष ने इसे तत्काल लागू करने की मांग की थी। रमेश ने आरोप लगाया कि कांग्रेस अध्यक्ष की मांग को ठुकरा दिया गया और 16 अप्रैल 2026 की रात 10 बजकर 40 मिनट तक इस कानून की अधिसूचना जारी नहीं की गई थी, जिसे बाद में अचानक जारी किया गया। उन्होंने कहा, ‘‘इसलिए यह पूरी तरह स्पष्ट है कि संसद का विशेष सत्र महिला आरक्षण के लिए नहीं है।
महिला आरक्षण तो पहले से ही कानून बन चुका है, लेकिन प्रधानमंत्री और गृह मंत्री की जोड़ी ने इसे तीन साल से अधिक समय तक ठंडे बस्ते में डाल रखा है।’’ कांग्रेस महासचिव ने आरोप लगाया कि संसद की विशेष बैठक का वास्तविक उद्देश्य निर्वाचन क्षेत्रों का मनमाने ढंग से परिसीमन करना है, ताकि जनता की आवाज को दबाया जा सके। उन्होंने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर भी निशाना साधते हुए सवाल किया कि क्या निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं तय करने की जिम्मेदारी उन्हें सौंपी जा सकती है ? रमेश ने आरोप लगाया कि ज्ञानेश कुमार के नेतृत्व में मतदाता सूचियां तैयार करने की प्रक्रिया मजाक बनकर रह गई है और चुनावी प्रक्रिया की विश्वसनीयता प्रभावित हुई है।
उन्होंने कहा, ‘‘इतने बड़े पैमाने पर वोट चोरी को अंजाम देने वालों को ही अब परिसीमन करने और निर्वाचन क्षेत्रों का स्वरूप बदलने की ताकत कैसे दी जा सकती है? इससे ज्यादा शर्मनाक और क्या हो सकता है!’’ कांग्रेस महासचिव ने कहा कि कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल परिसीमन के नाम पर सरकार की मनमानी का पूरी ताकत से विरोध करेंगे। गौरतलब है कि संसद के विशेष सत्र के तहत लोकसभा की बैठक 30 नवंबर से और राज्यसभा की बैठक दो दिसंबर से बुलाई गई है।
माना जा रहा है कि सरकार इस दौरान महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक को पारित कराने का प्रयास कर सकती है।