By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 29, 2026
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सदस्य प्रमोद तिवारी ने रविवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर महिला आरक्षण को लागू करने में देरी करने और दलितों का आरक्षण समाप्त करने की कोशिश करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस संविधान की रक्षा के लिए आखिरी दम तक संघर्ष करती रहेगी। तिवारी ने ‘पीटीआई-वीडियो’ सेवा से कहा कि भारत का संविधान बाबासाहेब भीमराव आंबेडकर और कांग्रेस ने बनाया था तथा उनकी पार्टी इसकी रक्षा के लिए हरसंभव प्रयास करेगी।
उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण विधेयक पहले ही पारित हो चुका है और अब इसे लागू करने की जरूरत है। राज्यसभा सदस्य ने कहा कि कांग्रेस की मांग है कि महिला आरक्षण उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के आगामी विधानसभा चुनावों से लागू किया जाए तथा 2029 के लोकसभा चुनाव में भी महिलाओं को इसका लाभ मिले। तिवारी ने कहा, “भाजपा का एकमात्र उद्देश्य किसी तरह दलितों का आरक्षण खत्म करना और महिलाओं के लिए आरक्षण लागू होने से रोकना है।
कांग्रेस इसके खिलाफ लड़ाई लड़ रही है और हर जरूरी कदम उठा रही है।” उन्होंने मौजूदा लोकसभा सीट संख्या के आधार पर ही महिला आरक्षण लागू करने की वकालत की और सवाल किया कि संख्या बढ़ाने की जरूरत क्यों है। तिवारी का यह बयान ऐसे समय आया है जब केंद्र सरकार सोमवार को लोकसभा में नया संविधान संशोधन विधेयक पेश करने की तैयारी कर रही है। इस विधेयक के तहत लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या बढ़ाकर 850 और राज्य विधानसभाओं में सीट की अधिकतम संख्या 500 से बढ़ाकर 650 करने का प्रस्ताव है।
इसके साथ ही महिलाओं के लिए एक-तिहाई सीट आरक्षित करने की योजना है। तिवारी ने भाजपा को महिला विरोधी बताते हुए कहा कि पार्टी ने कभी किसी महिला को अपना राष्ट्रीय अध्यक्ष नहीं बनाया। उन्होंने कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी की नागरिकता पर सवाल उठाए जाने की भी आलोचना की।
वरिष्ठ नेता ने कहा कि सोनिया गांधी ने विवाह के बाद भारत में रहकर सार्वजनिक जीवन में योगदान दिया है। तिवारी ने आरोप लगाया कि भाजपा गांधी परिवार के प्रति निम्न स्तर की मानसिकता रखती है।