By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 29, 2026
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पार्टी की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी एवं राहुल गांधी सहित कांग्रेस के शीर्ष नेताओं का एक प्रतिनिधिमंडल परिसीमन विधेयक के मुद्दे पर द्रमुक अध्यक्ष एम के स्टालिन को मनाने के उद्देश्य से रविवार को यहां पहुंचा। यह प्रतिनिधिमंडल स्टालिन से केंद्र सरकार के परिसीमन विधेयक को समर्थन देने के अपने फैसले पर पुनर्विचार करने का आग्रह करेगा। इस प्रतिनिधिमंडल में कांग्रेस शासित राज्यों -कर्नाटक, केरलम और तेलंगाना के मुख्यमंत्री क्रमशः डी के शिवकुमार, वी डी सतीशन और ए रेवंत रेड्डी भी शामिल हैं।
कांग्रेस के शीर्ष नेता विशेष विमान से चेन्नई पहुंचे और हवाई अड्डे के सामने स्थित एक पांच सितारा होटल के लिए रवाना हो गए। बताया जा रहा है कि उनकी बैठक दिन में बाद में होनी है। अप्रैल 2026 के विधानसभा चुनाव के बाद कांग्रेस ने तमिलनाडु में द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के नेतृत्व वाले गठबंधन से अलग होकर टीवीके के संस्थापक और मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय के नेतृत्व वाली पहली सरकार को समर्थन देने तथा गठबंधन सरकार में शामिल होने का फैसला किया था।
इसके बाद से दोनों दल एक-दूसरे की आलोचना करते रहे हैं। द्रमुक ने कांग्रेस पर परिसीमन के मुद्दे पर अपना रुख बदलने का आरोप भी लगाया है। विपक्षी गठबंधन इंडिया के कुछ अन्य नेताओं को भी शामिल करते हुए यह प्रतिनिधिमंडल परिसीमन विधेयक के पारित न होने देने के प्रयास के तहत चेन्नई और मुंबई का दौरा कर रहा है।
विधेयक सोमवार को लोकसभा में पेश किया जाना है। मुंबई में प्रतिनिधिमंडल राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के प्रमुख शरद पवार से भी मुलाकात करेगा। शीर्ष नेताओं की यह बैठक ऐसे समय हो रही है, जब 22 लोकसभा और आठ राज्यसभा सदस्यों वाली द्रमुक ने एक दिन पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)-नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार के परिसीमन विधेयक का समर्थन करने की घोषणा की थी।
स्टालिन ने शनिवार को कहा था कि उनकी पार्टी ने इस प्रस्ताव का समर्थन करने का फैसला इसलिए किया है, क्योंकि इसमें उसकी दो प्रमुख मांगें शामिल हैं। उन्होंने इसे पार्टी के संघर्ष की जीत और सभी दक्षिणी राज्यों की जीत बताया था। द्रमुक की दो प्रमुख मांगों में लोकसभा में तमिलनाडु की 7.18 प्रतिशत सीटों की हिस्सेदारी कम नहीं करना और 1971 की जनगणना के आधार पर राज्यों के बीच संसद में प्रतिनिधित्व का मौजूदा अनुपात बरकरार रखना शामिल है।
द्रमुक ने पहले के परिसीमन प्रस्ताव का कड़ा विरोध किया था। उस समय मुख्यमंत्री रहे स्टालिन ने अप्रैल में काले कपड़े पहनकर विधेयक की प्रति जलाई थी। इससे पहले रविवार को राहुल गांधी और स्टालिन ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर इस मुद्दे पर अपने विचार साझा किए।
द्रमुक के अध्यक्ष एम के स्टालिन ने रविवार को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी से कहा कि उनकी पार्टी ने हमेशा तमिलनाडु और वहां के लोगों के कल्याण को सर्वोपरि रखते हुए फैसले लिये हैं और ‘‘इतिहास हमें कट्टाबोम्मन के रूप में याद करेगा, एट्टप्पन के रूप में नहीं।’’ राहुल गांधी के सोशल मीडिया पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए स्टालिन ने कहा कि उनकी पार्टी तमिलनाडु के हितों और राज्यों के अधिकारों की रक्षा के अपने रुख से कभी समझौता नहीं करेगी। द्रमुक प्रमुख ने राहुल को ‘भाई’ कहकर संबोधित करते हुए संविधान और संघीय अधिकारों की रक्षा में द्रविड़ पार्टी की ‘‘ऐतिहासिक भूमिका’’ को स्वीकार करने के लिए उनका आभार जताया। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी पार्टी का हर फैसला तमिलनाडु और तमिल लोगों के कल्याण को सर्वोपरि रखकर लिया जाता है।
स्टालिन ने कहा, ‘‘हम इस रास्ते पर कोई समझौता नहीं करेंगे और मुझे विश्वास है कि इतिहास हमें कट्टाबोम्मन के रूप में याद करेगा, एट्टप्पन के रूप में नहीं।’’ उन्होंने 18वीं सदी के सरदार वीरपांडिया कट्टाबोम्मन का उल्लेख किया, जिन्हें तमिलनाडु में ब्रिटिश शासन का विरोध करने के लिए याद किया जाता है। इसके विपरीत, तमिल लोककथाओं में एट्टप्पन का नाम विश्वासघात का प्रतीक माना जाता है। इससे पहले, राहुल गांधी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में घोषणा की थी कि वह ‘इंडिया’ गठबंधन के वरिष्ठ नेताओं के साथ चेन्नई जाकर स्टालिन से मुलाकात करेंगे और उनसे तथा द्रमुक से परिसीमन संबंधी संविधान संशोधन विधेयकों का विरोध करने का औपचारिक अनुरोध करेंगे।
राहुल ने कहा, ‘‘लोकसभा की सदस्य संख्या बढ़ाकर 850 करने से भारत में लोकतंत्र खत्म हो जाएगा। इससे भाजपा-आरएसएस को अपने फायदे के लिए भारत के पूरे चुनावी नक्शे को नए सिरे से तैयार करने की असीमित छूट मिल जाएगी।’’ लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने कहा, ‘‘भाई स्टालिन हमेशा तमिल विरोधी ताकतों के खिलाफ मजबूती से खड़े रहे हैं। राष्ट्रीय हित में, तमिलनाडु के हित में और संविधान की रक्षा के लिए हमें इस विधेयक को मिलकर गिराना होगा।’’ केंद्र सरकार सोमवार को लोकसभा में नया संविधान संशोधन विधेयक पेश करने वाली है।
इसके तहत लोकसभा में प्रत्येक राज्य और केंद्रशासित प्रदेश की सीटों की संख्या तथा उनकी विधानसभाओं की सदस्य संख्या में 50 प्रतिशत की वृद्धि करके महिलाओं को एक-तिहाई आरक्षण देने का प्रस्ताव है। साथ ही, संशोधित सीटों के आवंटन और निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं को 2051 तक स्थिर रखने का प्रस्ताव है। संसद का विशेष सत्र बुलाया गया है।
लोकसभा की बैठक 30 नवंबर और राज्यसभा की बैठक दो दिसंबर को फिर से होगी। सत्र का समापन तीन दिसंबर को होगा। संविधान (132वां संशोधन) विधेयक, 2026 में लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या बढ़ाकर 850 करने का प्रस्ताव है।
इसमें राज्यों से अधिकतम 815 और केंद्रशासित प्रदेशों से 35 सदस्य हो सकेंगे। इसके अलावा, किसी राज्य की विधानसभा में सदस्यों की अधिकतम संख्या 500 से बढ़ाकर 650 करने का प्रस्ताव भी है।