Congress MP Bimol Akoijam यौन उत्पीड़न मामले में दिल्ली पुलिस के सामने हुए पेश

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 16, 2026

जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) के प्रोफेसर पद से बर्खास्त किए जाने के कुछ दिन बाद मणिपुर से कांग्रेस सांसद अंगोमचा बिमल अकोइजम बृहस्पतिवार को यौन उत्पीड़न के एक मामले में वसंत कुंज उत्तर थाने में जांचकर्ताओं के सामने पेश हुए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। पुलिस द्वारा अकोइजम को बुधवार को एक नोटिस दिया गया था, जिसमें उन्हें जांच में शामिल होने के लिए कहा गया था।

पुलिस के सामने पेश होने जब वह दिल्ली के लिए रवाना हुए तो दोपहर में बड़ी संख्या में अकोइजम के समर्थक उन्हें छोड़ने के लिए इंफाल हवाई अड्डे पर एकत्र हुए। हवाईअड्डे पर पत्रकारों से बात करते हुए, अकोइजम ने कहा, “मैं पुलिस के समन के कारण दिल्ली जा रहा हूं। चिंता न करें, न्याय होगा।

यह मेरे लोगों के साथ दशकों से हुए अन्याय को खत्म करने की शुरुआत है।” उन्होंने कहा, “न्याय के लिए लड़ना पहला कदम है। मैं अपने साथ हुए अन्याय के साथ-साथ अपने लोगों के दशकों के दुख और तकलीफों के खिलाफ भी लड़ूंगा। मुझे अच्छी तरह पता है कि आज 15 अक्टूबर है।” मणिपुर घाटी में प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन 15 अक्टूबर को भारत संघ में पूर्ववर्ती मणिपुर रियासत के विलय के विरोध दिवस के रूप में मनाते हैं।

जेएनयू के स्कूल ऑफ सोशल साइंसेज के तहत ‘सेंटर फॉर द स्टडी ऑफ सोशल सिस्टम्स’ में प्रोफेसर रहे अकोइजम को यौन उत्पीड़न के आरोपों की जांच के बाद नौ अक्टूबर को बर्खास्त कर दिया गया था। उन्होंने इन आरोपों से इनकार किया है। रिपोर्ट के मुताबिक, मई में कम से कम 11 छात्राओं ने उनके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें आरोप लगाया गया था कि वह बैठकों या समारोहों के बहाने छात्राओं को परिसर स्थित अपने आवास पर बुलाते थे और उनका उत्पीड़न करने की कोशिश करते थे।

कुछ छात्राओं ने आरोप लगाया कि वह कक्षा में अश्लील और अनुचित टिप्पणियां भी करते थे। इनर मणिपुर से कांग्रेस सांसद ने इस कार्रवाई को साजिश करार दिया और दावा किया कि उन्हें जांच समिति के निष्कर्षों का जवाब देने की अनुमति नहीं दी गई।

प्रमुख खबरें

उत्तराखंड कैबिनेट मंत्री Rekha Arya ने पति गिरधारी लाल साहू पर दर्ज कराई FIR

El Nino संकट पर तेलंगाना CM Revanth Reddy बनाएंगे कार्ययोजना, केंद्र से मांगेंगे मदद

IndiGo और Akasa Air ने बढ़ाई सऊदी अरब की उड़ानों पर रोक

Delhi के निहाल विहार में पति ने की पत्नी की चाकू मारकर हत्या, आरोपी विकास फरार