By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | May 13, 2024
इंदौर। इंदौर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के निवर्तमान सांसद और उम्मीदवार शंकर लालवानी ने सोमवार को दावा किया कि इस लोकसभा क्षेत्र के मतदाताओं से कांग्रेस की ‘‘नोटा’’ की अपील बेअसर साबित होगी और वह पिछली बार के मुकाबले ज्यादा अंतर से चुनाव जीतेंगे। कांग्रेस के घोषित प्रत्याशी अक्षय कांति बम ने पार्टी को तगड़ा झटका देते हुए नामांकन वापसी की आखिरी तारीख 29 अप्रैल को अपना पर्चा वापस ले लिया और वह इसके तुरंत बाद भाजपा में शामिल हो गए थे। नतीजतन इस सीट के 72 साल के इतिहास में कांग्रेस पहली बार चुनावी दौड़ में नहीं है। इसके बाद कांग्रेस ने स्थानीय मतदाताओं से अपील की कि वे इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन पर ‘‘नोटा’’ (उपरोक्त में से कोई नहीं) का बटन दबाकर ‘‘भाजपा को सबक सिखाएं’’।
पिछले लोकसभा चुनाव के दौरान इंदौर में 69 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था। तब इस सीट पर 5,045 मतदाताओं ने ‘‘नोटा’’ का विकल्प चुना था। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने नंदा नगर क्षेत्र में मतदान किया। उन्होंने एक सवाल पर संवाददाताओं से कहा कि इंदौर के मतदाता सकारात्मक हैं और मुस्लिम समुदाय भी कांग्रेस की ‘‘नोटा’’ की नकारात्मक अपील खारिज कर देगा। उन्होंने कहा,‘‘अगर मुस्लिम भाई भी कतार लगाकर मतदान कर रहे हैं, तो वे भी प्रधानमंत्री मोदी के समर्थन में वोट देंगे क्योंकि सरकार की गरीब कल्याण योजनाओं का सबसे ज्यादा लाभ मुस्लिम भाइयों को ही मिला है।