कांग्रेस ने मंडल आयोग की सिफारिशों का विरोध किया, जाति जनगणना के खिलाफ है: अखिलेश यादव

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Nov 10, 2023

 समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने बृहस्पतिवार को कहा कि कांग्रेस ने मंडल आयोग की सिफारिशें लागू नहीं कीं और जाति जनगणना का विरोध किया है। मध्य प्रदेश के छतरपुर के राजनगर में पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी अब चुनावों को ध्यान में रखते हुए जाति जनगणना के बारे में बात कर रही हैं। मध्य प्रदेश में 17 नवंबर को चुनाव होंगे।

अखिलेश ने कहा, ‘‘कांग्रेस, जिसने कभी सामाजिक न्याय की बात नहीं की, आज ऐसा कर रही है। मंडल आयोग की सिफारिशें किसने रोकीं? कांग्रेस ने। जाति जनगणना किसने रोकी? कांग्रेस ने।’’

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘सपा का मानना है कि सामाजिक न्याय तभी मिलेगा जब जाति जनगणना होगी और सभी को उनकी आबादी के अनुपात में अधिकार और सम्मान मिलेगा। तभी बाबासाहेब आंबेडकर का सपना पूरा होगा।’’

मध्य प्रदेश पर कर्ज के बोझ के बारे में पूछे जाने पर यादव ने कहा कि ‘डबल इंजन’ सरकार के बावजूद राज्य की अर्थव्यवस्था चरमरा गई है। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में कई वर्षों से सत्ता में रही भाजपा राज्य की अनिश्चित आर्थिक स्थिति के लिए जिम्मेदार है।

सपा प्रमुख ने कहा कि हालांकि, गरीबों को सुविधाएं देने के लिए अगर कर्ज लेना पड़े तो इससे पीछे नहीं हटना चाहिए। विधानसभा में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की टिप्पणी के बारे में पूछे जाने पर, यादव ने कहा कि नीतीश ने माफी मांग ली है और इसलिए अब इस पर चर्चा नहीं करनी चाहिए।

प्रमुख खबरें

सपा नेता Azam Khan को Supreme Court और High Court से बड़ी राहत

जामनगर में HADR अभ्यास सहायता सेतु शुरू, Quad की कार्यस्तरीय बैठक भी आयोजित

NDMC दिल्ली के तीन प्रमुख पार्कों में शुरू करेगी पांच प्रकृति कैफे, मिली मंजूरी

मनीला में Quad Summit: वैश्विक तनाव के बीच शांति और स्थिरता की जरूरत, PM Modi ने दिया जोर