कांग्रेस को 2019-20 में 139 करोड़ से अधिक चंदा मिला, सिब्बल ने दिए तीन करोड़

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Feb 05, 2021

नयी दिल्ली। कांग्रेस को 2019-20 में 139 करोड़ रुपये से अधिक का चंदा मिला था। पार्टी के सदस्यों की बात करें तो वरिष्ठ नेता कपिल सिब्बल ने पार्टी कोष में सबसे अधिक तीन करोड़ रुपये का योगदान दिया। निर्वाचन आयोग ने 2019-20 में कांग्रेस को मिले चंदे से जुड़ी एक रिपोर्ट को सार्वजनिक किया है। रिपोर्ट के मुताबिक, ‘आईटीसी’ और इससे जुड़ी कंपनियों ने 19 करोड़ रुपये से अधिक राशि चंदे में दी, जबकि ‘प्रूडेंट इलेक्टोरल ट्रस्ट’ ने 31 करोड़ रुपये का चंदा दिया।

इसे भी पढ़ें: भाजपा के रथ यात्रा पर बंगाल में राजनीति गर्म, विजयवर्गीय बोले- विपक्ष को कुचलना ममता सरकार का ट्रेंड रहा है

गौरतलब है कि सिब्बल उन 23 पार्टी सदस्यों में शामिल थे, जिन्होंने अगस्त 2020 में सोनिया गांधी को पत्र लिखकर बड़े संगठनात्मक बदलावों की मांग की थी। इस ‘जी23’ समूह के अन्य सदस्यों में से आनंद शर्मा, शशि थरूर और गुलाम नबी आज़ाद ने 54-54 हजार रुपये, मिलिंद देवड़ा ने एक लाख रुपये और राज बब्बर ने एक लाख आठ हजार रुपये दान दिए। रिपोर्ट के अनुसार, कांग्रेस को 20 हजार रुपये से अधिक दान की कुल प्राप्त राशि 139,01,62,000 रुपये है। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पूर्व केंद्रीय मंत्री ए. के. एंटनी, कुमारी शैलजा और वरिष्ठ नेता अहमद पटेल ने भी पार्टी को दान दिया था। पटेल का पिछले वर्ष निधन हो गया।

वहीं, दिलचस्प बात यह है कि पिछले साल मार्च में कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भी वित्त वर्ष 2019-20 में पार्टी को 54 हजार रुपये दान दिए थे। दान से संबंधित दस्तावेज कांग्रेस ने निर्वाचन आयोग को पिछले साल दिसम्बर में सौंपा था और इस पर पार्टी के अंतरिम कोषाध्यक्ष पवन बंसल के हस्ताक्षर हैं। वहीं, अपनी योगदान राशि की रिपोर्ट में बहुजन समाज पार्टी ने कहा कि उसे 20,000 रुपये से ज्यादा का चंदा नहीं मिला।

प्रमुख खबरें

Love Series Review | डेटिंग ऐप्स और आधुनिक रिश्तों पर आधारित नई तमिल सीरीज़ लव में क्या है खास और कहां रह गई कमी?

BMW Group India ने घोषित किए Golf Cup विजेता, South Africa में खेलेंगे

R K Narayan Birth Anniversary: अंग्रेजी के प्रसिद्ध साहित्यकार थे R K Narayan, अंग्रेजी में हो गए थे फेल

चेन्नई में Rahul Gandhi के दौरे को लेकर पांच स्तरीय सुरक्षा, 15 हजार पुलिसकर्मी तैनात