गुजरात चुनाव के मद्देनजर संसद सत्र को टाल रही है सरकार: कांग्रेस

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Nov 22, 2017

नयी दिल्ली। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि सरकार गुजरात विधानसभा चुनाव के मद्देनजर मंत्रियों के घोटालों, राफेल सौदे, जीएसटी और नोटबंदी जैसे विभिन्न मुद्दों पर चर्चा से बचने के लिए संसद के शीतकालीन सत्र को ‘टाल’ रही है। पार्टी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर यह कहते हुए भी प्रहार किया कि ‘वह ब्रह्मा हैं’ तथा ‘केवल उन्हें ही, न कि किसी और को यह पता है कि सदन का सत्र कब होगा।’ विपक्षी दल ने मोदी पर हर चुनाव में प्रचार करने को लेकर निशाना साधा और उनके द्वारा सरकारी मशीनरी के उपयोग में घोटाले का आरोप लगाया है। पार्टी ने इस विषय पर बहस की मांग की।

कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने ट्विटर पर कहा, ‘‘सच्चाई बस इस बात से खत्म नहीं हो जाती है कि आप उससे छिप जाते हैं। मोदीजी, छिपना बंद कीजिए और संसद खोल दीजिए ताकि आपने राफेल पर जो किया, उसकी सच्चाई देश सुन सके।’’ लोकसभा में कांग्रेस के नेता मल्लिकार्जुन खडगे ने संवाददाताओं से बातचीत में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर चुटकी लेते हुए कहा कि वह ब्रह्मा है, वे सृजनकर्ता हैं क्योंकि केवल वे ही जानते हैं कि संसद का शीतकालीन सत्र कब बुलाया जायेगा। राज्यसभा में विपक्ष के नेता गुलाम नबी आजाद ने कहा कि सरकार संसद का सामना करने से बच रही है ताकि वह भ्रष्टाचार और अपनी विफलताओं को छिपा सके। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी और उनका मंत्रिमंडल प्रचार मशीन बन गया है और गुजरात एवं अन्य स्थानों पर आक्रामक प्रचार करने में लगा हुआ है।

उन्होंने कहा कि लोग चाहते हैं कि सरकार देश चलाए लेकिन ऐसा नहीं हो रहा है। कांग्रेस नेता आनंद शर्मा ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी पर निशाना साधने के लिये वित्त मंत्री अरूण जेटली पर प्रहार करते हुए कहा कि यह निंदनीय है और लोकतंत्र में कोई भी इसकी उम्मीद नहीं करता है। कांग्रेस प्रवक्ता दीपेंद्र हुड्डा ने आरोप लगाया कि मोदी सरकार ‘‘दरकिनार, टकराव और छल’’ के मॉडल पर काम कर रही है जो लोकतंत्र पर हमला है।खड़गे ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री अगले महीने होने वाले गुजरात चुनाव के कारण लोकतंत्र के मंदिर को ध्वस्त करने में लगे हैं। संसद इस साल बस 38 दिन ही बैठ पायी जो कई दशकों में सबसे कम है।

उन्होंने कहा, ‘‘मैंने कई मंत्रियों, लोकसभा अध्यक्ष और महासचिव से बातचीत की लेकिन किसी को भी संसद के सत्र की तारीखें मालूम नहीं है। केवल एक व्यक्ति जानता है, वे उसे ब्रह्मा कहते हैं। यही वजह है कि जबतक ब्रह्मा आदेश नहीं देते, हमें तारीखों के बारे में पता नहीं।’’ आजाद ने कहा कि प्रधानमंत्री सरकारी खर्च पर एमआई 8 का इस्तेमाल कर रक्षा विमान में यात्रा करते हैं।

प्रमुख खबरें

EV Market में मचेगी खलबली! Ola Electric अपने Battery Business के लिए जुटाएगी ₹2000 करोड़

Credit-Debit Card यूजर्स को बड़ा झटका, Airport Lounge की फ्री सुविधा अब होगी बंद।

व्यापार घाटे पर राहत, पर Middle East संकट ने बढ़ाई टेंशन, Indian Exports पर मंडराया खतरा

West Bengal BJP Candidate List: भवानीपुर में भी नंदीग्राम वाला इतिहास दोहराएगा? BJP ने पहली लिस्ट जारी कर ही ममता पर प्रेशर बढ़ाया