By एकता | Dec 25, 2025
जेफरी एपस्टीन की फाइलों से सामने आए एक नए पत्र ने अमेरिकी राजनीति में हलचल मचा दी है। इस पत्र में तत्कालीन राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का परोक्ष रूप से जिक्र किया गया है, जिसे अब अमेरिकी न्याय विभाग ने पूरी तरह से फर्जी करार दिया है।
विवाद बढ़ता देख अमेरिकी न्याय विभाग और एफबीआई ने मंगलवार को स्पष्ट किया कि यह पत्र पूरी तरह नकली है। विभाग ने इसके पीछे कई कारण बताते हुए एक्स पर लिखा, 'पत्र पर पोस्ट ऑफिस की मुहर एपस्टीन की मौत के तीन दिन बाद की है। पत्र वर्जीनिया से मेल किया गया था, जबकि एपस्टीन उस समय न्यूयॉर्क की जेल में बंद था। पत्र पर वापसी का पता और कैदी नंबर जैसी जरूरी जानकारी गायब है।'
न्याय विभाग ने आगे लिखा, 'सिर्फ इसलिए कि कोई दस्तावेज विभाग द्वारा जारी फाइलों में शामिल है, इसका मतलब यह नहीं है कि उसके अंदर किए गए दावे सच हैं।'
डोनाल्ड ट्रंप ने इन फाइलों के सार्वजनिक होने पर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि वे इन दस्तावेजों को जारी करने के पक्ष में नहीं थे, क्योंकि इससे उन निर्दोष लोगों की साख खराब होने का डर है जो सालों पहले सामान्य तौर पर एपस्टीन से मिले थे।
जेफरी एपस्टीन एक अमेरिकी अरबपति था जिस पर नाबालिग लड़कियों की सेक्स ट्रैफिकिंग का गंभीर आरोप था। अगस्त 2019 में जेल के अंदर उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी, जिसे आधिकारिक तौर पर आत्महत्या माना गया।