Antalya में COP31 सम्मेलन शुरू, पुराने वादे पूरे करने पर रहेगा जोर

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 09, 2026

अंताल्या (तुर्किये), नौ नवंबर (एपी) दुनिया भर के नेता, प्रतिनिधि और जलवायु कार्यकर्ता जलवायु परिवर्तन को रोकने के उपायों पर सोमवार को तुर्किये में विचार-विमर्श शुरू करेंगे। पिछले एक साल में जलवायु परिवर्तन के कारण तापमान में बढ़ोतरी हुई है, यूरोप और अन्य जगहों पर जानलेवा लू का प्रकोप रहा और नेपाल में आई विनाशकारी बाढ़ जैसी आपदाओं में भी इसकी भूमिका रही है। संयुक्त राष्ट्र के इस जलवायु शिखर सम्मेलन को ‘कॉन्फ्रेंस ऑफ द पार्टीज’ या ‘सीओपी31’ कहा जाता है।

यह सम्मेलन ऐसे समय में हो रहा है जब ईरान में जारी युद्ध की वजह से होर्मुज जलडमरूमध्य लगभग बंद हो गया है। इससे पेट्रोल, तेल और इनसे बनने वाले कई उत्पादों जैसे कि उर्वरक और कीटनाशक की वैश्विक कीमतें बढ़ गई हैं। इस संकट ने सरकारों को अपनी अल्पकालिक और दीर्घकालिक दोनों तरह की ऊर्जा नीतियों पर फिर से विचार करने के लिए मजबूर किया है।

साथ ही, पवन और सौर ऊर्जा जैसे नवीकरणीय ऊर्जा स्रोतों में निवेश बढ़ाने पर भी जोर दिया जा रहा है। तुर्किये के भूमध्यसागरीय तट पर स्थित पर्यटन शहर अंताल्या में हो रही इस बैठक में प्रतिनिधियों पर जलवायु कार्रवाई के लिए नयी प्रतिबद्धताएं तय करने के साथ-साथ पहले किए गए वादों को पूरा करने का दबाव होगा। यह सम्मेलन बेहद महत्वपूर्ण है क्योंकि जलवायु वैज्ञानिकों का कहना है कि 19वीं सदी की शुरुआत की तुलना में वैश्विक औसत तापमान में वृद्धि 1.5 डिग्री सेल्सियस (2.7 डिग्री फारेनहाइट) से अधिक हो जाएगी।

तापमान में वृद्धि को इस सीमा तक रोकने का लक्ष्य 2015 के पेरिस समझौते में तय किया गया था। तब से यह अंतरराष्ट्रीय जलवायु वार्ताओं का एक प्रमुख मुद्दा रहा है। इस लक्ष्य का अब व्यावहारिक नहीं रह जाना दिखाता है कि दुनिया के लिए ग्रीनहाउस गैसों के उत्सर्जन में कटौती करना कितना मुश्किल रहा है।

तेल, गैस और कोयले जैसे जीवाश्म ईंधन जलाने से ये गैसें वायुमंडल में पहुंचती हैं और जलवायु परिवर्तन का कारण बनती हैं। तुर्किये के पर्यावरण मंत्री मुरात कुरुम ने कहा, ‘‘यह पहला सीओपी सम्मेलन है जहां यह बात पूरी तरह स्पष्ट है कि दुनिया औद्योगिक क्रांति से पहले के स्तर की तुलना में वैश्विक तापमान में वृद्धि को 1.5 डिग्री सेल्सियस तक सीमित रखने का लक्ष्य हासिल नहीं कर पाएगी।’’ सीओपी31 के अध्यक्ष कुरुम ने कहा है कि नए लक्ष्य तय करने के बजाय वे चाहते हैं कि यह शिखर सम्मेलन जलवायु से जुड़े पुराने वादों को हकीकत में बदलने पर ध्यान केंद्रित करे। उन्होंने एक ‘कार्य एजेंडा’ की घोषणा की है, जिसमें ग्रीनहाउस गैस मीथेन के उत्सर्जन में कमी लाना और जलवायु परिवर्तन के प्रभावों का सामना करने में सक्षम शहरों का निर्माण करना सहित कई उपाय शामिल हैं।

इसका एक मुख्य विषय विद्युतीकरण है। इसका मकसद ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन को कम करने के लिए बिजली के इस्तेमाल को 2035 तक 21 प्रतिशत से बढ़ाकर 35 प्रतिशत करना है जिसमें सौर और पवन ऊर्जा जैसे नवीकरणीय स्रोतों से मिलने वाली बिजली को प्राथमिकता दी जाएगी। पिछले सम्मेलनों से अलग, इस बार सीओपी31 का आयोजन तुर्किये और ऑस्ट्रेलिया मिलकर कर रहे हैं।

इससे पहले दोनों देशों के बीच इस बात को लेकर खींचतान हुई थी कि मेजबान कौन बनेगा। एक समझौते के तहत, तुर्किये आधिकारिक मेजबान है, जबकि ऑस्ट्रेलिया बातचीत का नेतृत्व कर रहा है। हालांकि, कोयले पर बहुत अधिक निर्भर रहने के कारण दोनों देशों की आलोचना भी हो रही है।

प्रमुख खबरें

Madhya Pradesh के सिवनी और कटनी में भीषण अग्निकांड, 12 लोगों की दर्दनाक मौत

मोदी को डराने के लिए 150 चीनी लोगों ने निकाला फोन, कर दी ऐसी घटिया हरकत, बांग्लादेश ने सिखाया सबक!

Sheikh Hasina करेंगी अदालत में आत्मसमर्पण, नई दिल्ली में नए पासपोर्ट के लिए लगाई अर्जी

अचानक तेज खांसी आने पर तुरंत क्या करें, इन आसान उपायों से गले को मिलेगा आराम