कोरोना वायरस का खौफ़, न्यूजीलैंड में क्रूज जहाज पर रोके गए यात्री

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Mar 15, 2020

वेलिंग्टन। कोरोना वायरस के संदिग्ध लक्षण वाले यात्री के गोल्डन प्रिंसेस क्रूज जहाज पर सवार होने के कारण न्यूजीलैंड बंदरगाह पर रविवार को इस जहाज के यात्रियों को उतरने से रोक दिया गया। स्वास्थ्य अधिकारियों ने यह जानकारी दी। बंदरगाह की जहाज सूची के मुताबिक, क्राइस्टचर्च के साउथ आइलैंड शहर के पास अकारोआ में लंगर डालने वाले जहाज पर 2600 यात्री और चालक दल के 1100 सदस्य सवार हैं।

जीलैंड के स्वास्थ्य महानिदेशक एशले ब्लूमफील्ड ने कहा कि जहाज के चिकित्सक ने तीन यात्रियों को पृथक किया है। इनमें से एक यात्री में कोविड-19 के लक्षण हैं और इसका संदिग्ध मामले के तहत इलाज किया जा रहा है। ब्लूमफील्ड ने कहा, नतीजे सामने आने तक किसी भी यात्री को जहाज छोड़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी। गोल्डन प्रिंसेस जहाज को लेकर आगे क्या कदम उठाए जाएंगे, इस बारे में फैसला सोमवार को तीनों यात्रियों के जांच नमूनों के नतीजे सामने आने के बाद लिया जाएगा।

शनिवार को ही न्यूजीलैंड ने अंतरराष्ट्रीय यात्रियों को, यहां पहुंचने के बाद 14 दिनों के लिए पृथक रखे जाने की घोषणा की थी। अभी तीन दिन पहले ही गोल्डन प्रिंसेस क्रूज ने कोरोना वायरस महामारी के कारण 30 जून तक दुनिया भर में अपनी यात्राओं को निलंबित करने की घोषणा की थी, जिसके बाद यह घटनाक्रम सामने आया है। इससे पहले भी प्रिंसेस क्रूज के दो जहाजों को कोरोना वायरस के कारण पृथक रखना पड़ा था। डायमंड प्रिंसेस को जापान में जबकि ग्रांड प्रिंसेस को कैलिफोर्निया में पृथक खड़ा किया गया था।

प्रमुख खबरें

Vinesh Phogat का मामला PM Modi तक पहुंचा, Sakshi Malik ने की निष्पक्ष Trial की अपील

Uday Kotak की बड़ी चेतावनी, America-Iran तनाव से भारत में जल्द फूटेगा महंगाई का बम

Stock Market में बड़ी गिरावट, Midcap-Smallcap शेयरों में सुनामी, Investors के लाखों करोड़ स्वाहा

डॉ. हरवंश चावला के नेतृत्व में BRISEC Chamber का बड़ा लक्ष्य, Global Partnership पर होगा फोकस