By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Mar 19, 2021
जयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राज्य में कोविड-19 महामारी की दूसरी लहर के आसन्न खतरे पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए सभी स्वास्थ्य एवं प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने पुराने अनुभव के आधार पर महामारी पर नियंत्रण के लिए उपलब्ध संसाधनों को उपयोग में लें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अधिक जांच, भीड़ पर नियंत्रण, मास्क पहनने, बार-बार हाथ धोने और सामाजिक दूरी के कोरोना से बचाव के नियमों के पालन में फिर से कड़ाई लाएं।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आने वाले दिनों में प्रदेश में संक्रमण की किसी भी गंभीर स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त सावधानी बरतते हुए ऑक्सीजन संयंत्र, जांच प्रयोगशाला, पृथक-वास और निषिद्ध जोन जैसी सुविधाओं को दुरुस्त करें और आवश्यकतानुसार उपयोग के लिए इन्हें तैयार रखें। मुख्यमंत्री ने कहा कि एक बार फिर से कोविड से बचाव के उपाय अपनाने के लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाए।