CPIM ने कल्याणकारी योजनाओं में Voter ID और बायोमेट्रिक अनिवार्यता का किया विरोध

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 04, 2026

नयी दिल्ली, चार नवंबर मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने बुधवार को कल्याणकारी योजनाओं के तहत भुगतान के लिए मतदाता पहचान पत्र और बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण अनिवार्य करने के केंद्र के प्रस्ताव की निंदा की और कहा कि इससे ग्रामीण गरीबों के लिए योजनाओं का लाभ पाना और मुश्किल हो जाएगा। वामपंथी पार्टी ने आगाह किया कि इससे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान मतदाता सूचियों से नाम हटाए जाने का असर और बढ़ेगा। पार्टी के पोलित ब्यूरो ने एक बयान में कहा कि केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह की आधार आधारित पहचान व्यवस्था से हटकर लाभार्थियों को भुगतान करने की घोषणा से सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पाने वालों के सामने नयी बाधाएं खड़ी होंगी।

माकपा ने आरोप लगाया कि कुछ राज्य सरकारें एसआईआर के दौरान नाम कटने के आधार पर लोगों को राशन और अन्य लाभ देने से इनकार कर रही हैं। उसने कहा कि मतदाता सूची से नाम हटने को सामाजिक कल्याण के अधिकारों से वंचित करने का आधार नहीं बनाया जा सकता। पार्टी ने केंद्र से प्रस्तावित बदलाव तत्काल वापस लेने की मांग करते हुए कहा कि कल्याणकारी लाभ सार्वभौमिक रूप से दिए जाने चाहिए, न कि ऐसी तकनीक या दस्तावेजों पर निर्भर होने चाहिए, जिन तक गरीब परिवारों की पहुंच नहीं है।

प्रमुख खबरें

Gorakhpur में बोले नितिन नवीन: Modi और योगी जैसे माटी के लाल करेंगे देश का नेतृत्व

NCERT ने Class 9 की किताब में जोड़े 2 नए पाठ, Mutual Fund और निवेश सीखेंगे छात्र

Israel Election Results: चुनाव समिति ने राष्ट्रपति को सौंपे नतीजे, धांधली के दावे खारिज

Trump के चहेते कैंडि‍डेट्स की करारी हार, SIR पर सवाल उठाने वाली प्रमिला समेत इन भारतवंशियों ने किया कमाल