एथनॉल नियमों और गन्ने की लागत से Sugar Mills के Operating Margin में गिरावट का अनुमान: CRISIL

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 10, 2026

चीनी आधारित कच्चे माल से एथनॉल उत्पादन पर प्रतिबंधों के कारण अधिक मार्जिन वाली आय का एक प्रमुख स्रोत प्रभावित होने से भारतीय चीनी मिलों के परिचालन मार्जिन में चालू वित्त वर्ष में 1.4-1.6 प्रतिशत अंक की गिरावट आने का अनुमान है। इसके अलावा गन्ने की बढ़ती लागत और वित्तपोषण की जरूरतों में वृद्धि से भी मिलों पर दबाव बढ़ रहा है। क्रिसिल रेटिंग्स ने यह अनुमान लगाया है।

क्रिसिल के अनुसार, चालू वित्त वर्ष में चीनी मिलों का परिचालन मार्जिन घटकर करीब छह प्रतिशत रह सकता है। हालांकि, इस दौरान परिचालन आय में चार से पांच प्रतिशत की वृद्धि होने की उम्मीद है। चीनी की मजबूत कीमतें और स्थिर मांग भी उत्पादों के प्रतिकूल मिश्रण, कच्चे माल की लागत में वृद्धि और ब्याज के बढ़ते बोझ की भरपाई करने में नाकाम रह सकती हैं।

इस विश्लेषण में 55 चीनी मिलों को शामिल किया गया, जिनका पिछले सत्र में देश के कुल चीनी उत्पादन में लगभग एक चौथाई योगदान था। मार्जिन में यह गिरावट नीतिगत बदलावों के बाद देखने को मिल रही है। एथनॉल आपूर्ति वर्ष (ईएसवाई) 2027 के लिए गन्ने से बनने वाले कच्चे माल से एथनॉल उत्पादन को प्रभावी रूप से केवल ‘सी-हेवी शीरे’ तक सीमित कर दिया गया है।

इससे मिलों की चीनी को अधिक मार्जिन वाले एथनॉल उत्पादन में इस्तेमाल करने की क्षमता काफी घट गई है। क्रिसिल के अनुसार, पिछले कुछ वर्षों में चीनी के कुल उत्पादन का लगभग 10 प्रतिशत हिस्सा नियमित रूप से एथनॉल उत्पादन के लिए इस्तेमाल किया जाता रहा है। इस क्षेत्र को गन्ने की खरीद लागत में वृद्धि का भी सामना करना पड़ रहा है।

केंद्र सरकार ने चीनी सत्र (एसएस) 2027 के लिए गन्ने का उचित एवं लाभकारी मूल्य (एफआरपी) करीब तीन प्रतिशत बढ़ाकर 365 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया है। उत्तर प्रदेश में राज्य परामर्श मूल्य (एसएपी) में किसी भी वृद्धि से लागत का बोझ और बढ़ सकता है। पिछले सत्र में सीमित निर्यात की अनुमति मिलने के बाद चीनी के निर्यात पर भी अंकुश लगा है, जिससे मिलों की विदेशी बाजारों तक पहुंच सीमित हुई है।

मौसम संबंधी चिंताओं के कारण प्रमुख उत्पादक राज्यों में गन्ने की पैदावार प्रभावित होने से चीनी का कुल उत्पादन एसएस 2027 में घटकर करीब 2.9 करोड़ टन रहने का अनुमान है, जबकि एक साल पहले यह 3.11 करोड़ टन था। खपत लगभग उत्पादन के बराबर रहने की उम्मीद है, जिससे घरेलू बाजार में आपूर्ति और मांग का संतुलन तंग बना रह सकता है। आपूर्ति बढ़ाने के प्रयास में सरकार ने अगस्त से दिसंबर, 2026 के बीच 10 लाख टन चीनी के आयात की अनुमति दी है।

करीब एक दशक बाद भारत चीनी का आयात करने जा रहा है। हालांकि, अतिरिक्त आपूर्ति और घरेलू उपलब्धता बनाए रखने के लिए किए गए अन्य उपायों से चीनी की कीमतों में बड़ी बढ़ोतरी पर अंकुश लगने की उम्मीद है। इसके बावजूद चीनी की कीमतें मजबूत बनी रह सकती हैं।

क्रिसिल रेटिंग्स के वरिष्ठ निदेशक अनुज सेठी ने कहा, चीनी मिलों की आय का स्वरूप संरचनात्मक बदलाव के दौर से गुजर रहा है। चीनी की ऊंची कीमतें अधिक मार्जिन वाले एथनॉल की कम होती मात्रा और गन्ने की बढ़ती लागत की पूरी भरपाई नहीं कर पाएंगी। चीनी और एक्स्ट्रा न्यूट्रल अल्कोहल (ईएनए) की बिक्री पर निर्भरता बढ़ने से चालू वित्त वर्ष में परिचालन मार्जिन 1.4-1.6 प्रतिशत अंक घटकर करीब छह प्रतिशत रह सकता है।

उन्होंने कहा कि सी-हेवी शीरे से एथनॉल उत्पादन से सीमित राहत ही मिलेगी, क्योंकि पिछले तीन वर्षों से इसकी निर्धारित कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ है। इस दबाव का असर मिलों की कमाई के साथ-साथ उनकी ऋण स्थिति पर भी पड़ सकता है।

प्रमुख खबरें

Qantas के 850 जॉब्स India भेजने की तैयारी, Accenture डील के खिलाफ उतरा Union

1984 के दंगों पर Sonia Gandhi की किताब में बड़ा जिक्र, Rajiv Gandhi के बचाव में कही यह बात

Blackstone के 5000 करोड़ निवेश से मजबूत होगी IIFL Finance की वित्तीय स्थिति और कर्ज क्षमता

रूस-यूक्रेन संघर्ष: तनाव घटाने और Black Sea में जहाजों की सुरक्षा के लिए भारत ने दिए सुझाव