यूक्रेन की सड़कों पर शव मिलने के बाद रूस की वैश्चिक स्तर पर निंदा

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Apr 05, 2022

बुका|  रूस को सोमवार को वैश्विक स्तर पर तब निंदा और युद्ध अपराधों के आरोपों का सामना करना पड़ा जब कीव के बाहरी इलाके से रूसी सैनिकों के हटने के बाद वहां सड़कों पर शव पड़े मिले। ये शव आम नागरिकों के प्रतीत होते हैं और इनमें से कुछ को जानबूझकर करीब से गोली मारी गई।

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की युद्ध शुरू होने के बाद पहली बार कीव से बाहर निकले ताकि वह बुका नगर की ‘भयावहता’ को खुद की आंखों से देख सकें जिसे उन्होंने ‘‘नरसंहार’’ एवं ‘‘युद्ध अपराध’’ करार दिया।। जेलेंस्की ने कहा, ‘‘मृत लोगों के शव बेसमेंट आदि में मिले हैं और यह बात सामने आई कि उनका गला घोंटा गया और प्रताड़ित किया गया।’’

यूरोपीय नेताओं और संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार प्रमुख ने रक्तपात की निंदा की। इनमें से कुछ ने इसे नरसंहार भी कहा।

अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने कहा कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को युद्ध अपराधों के मुकदमे का सामना करना चाहिए। रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने कीव के बाहर के दृश्यों को “मंच-प्रबंधित रूस विरोधी उकसावे” के रूप में वर्णित करते हुए आरोपों को खारिज किया।

उन्होंने कहा कि पिछले हफ्ते रूसी सैनिकों के जाने के एक दिन बाद बुका के महापौर ने अत्याचारों का कोई जिक्र नहीं किया, लेकिन दो दिन बाद सड़कों पर बिखरे हुए शवों की तस्वीरें खींची गईं। यूक्रेन के अधिकारियों ने कहा कि कीव के आसपास के शहरों में 410 नागरिकों के शव मिले हैं जिन्हें हाल के दिनों में रूसी सेना से फिर से हासिल किया गया है। राजधानी के उत्तर-पश्चिम में बुका में एसोसिएटेड प्रेस के पत्रकारों ने 21 शव देखे। इन मृत व्यक्तियों में नौ लोगों का एक समूह भी शामिल था जो कपड़ों से आम नागरिक प्रतीत हो रहे थे और उन्हें करीब से गोली मारी गई थी। कम से कम दो के हाथ उनकी पीठ के पीछे बंधे हुए थे।

फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने कहा कि बुका में युद्ध अपराधों के स्पष्ट सबूत हैं जो नए दंडात्मक उपायों की मांग करते हैं। उन्होंने कहा, ‘‘मैं नए प्रतिबंधों के पक्ष में हूं और विशेष रूप से कोयला और गैसोलीन पर। हमें कदम उठाने की आवश्यकता है।’’

जर्मनी द्वारा रूसी राजनयिकों को निष्कासित करने की घोषणा करते हुए विदेश मंत्री एनालेना बारबॉक ने कहा कि जर्मनी और भी दंडात्मक उपाय करेगा।

प्रमुख खबरें

Shivraj Singh Chouhan ने Rahul Gandhi के मार्च को बताया नौटंकी, बोले- कांग्रेस नेतृत्व खुद जिम्मेदार

Election Commission विवाद पर विपक्ष का SC तक मार्च, जंतर-मंतर पर प्रदर्शन बंद

PepsiCo को Delhi High Court से Energy Drink लेबल विवाद में अंतरिम राहत नहीं

Donald Trump के संघर्षविराम दावे के बाद भी Russia ने ऊर्जा ठिकानों को बनाया निशाना: जेलेंस्की