Crude Oil की कीमतें और पश्चिम एशिया तनाव तय करेंगे Share Market की चाल

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Sep 20, 2026

भारतीय शेयर बाजार की दिशा इस सप्ताह मुख्य रूप से कच्चे तेल की कीमतों, पश्चिम एशिया के भू-राजनीतिक घटनाक्रमों और वैश्विक बाजार के रुख से तय होगी। इसके अलावा विदेशी निवेशकों की गतिविधियों और अमेरिकी बॉण्ड प्रतिफल पर भी निवेशकों की नजर रहेगी। विश्लेषकों ने यह राय जताई है।

रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रंप ने ‘लिंडसे ओ. ग्राहम सैंक्शनिंग रूस एंड ईरान एक्ट ऑफ 2026’ पर हस्ताक्षर किए हैं। यह कानून रूस और ईरान पर मौजूदा प्रतिबंधों को विस्तार देता है तथा रूस से कच्चा तेल और गैस खरीदने वाले कुछ देशों पर 100 प्रतिशत तक शुल्क लगाने का अधिकार अमेरिकी राष्ट्रपति को देता है। हालांकि, कानून के तहत किन देशों पर वास्तव में कितनी दर से शुल्क लगाया जाएगा, इस बारे में अमेरिकी प्रशासन के पास व्यापक अधिकार हैं।

इसलिए भारत पर इसके संभावित प्रभाव को लेकर फिलहाल अनिश्चितता बनी हुई है। रेलिगेयर ब्रोकिंग के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (शोध) अजित मिश्रा ने कहा कि वैश्विक स्तर पर अमेरिका-ईरान तनाव, कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव और अमेरिकी बॉण्ड पर प्रतिफल बाजार की दिशा तय करने वाले प्रमुख कारक होंगे। इस बीच, विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (एफपीआई) ने सितंबर में अबतक भारतीय शेयरों से करीब 20,974 करोड़ रुपये की निकासी की है।

ऊंची कच्चे तेल की कीमतों, अमेरिका में ऊंची ब्याज दरों, बॉण्ड बाजार और वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच विदेशी निवेशकों की बिकवाली बाजार के लिए महत्वपूर्ण कारक बनी हुई है। स्वस्तिका इन्वेस्टमार्ट के शोध प्रमुख संतोष मीणा ने कहा कि आने वाले दिनों में भारत, अमेरिका और यूरो क्षेत्र के पीएमआई आंकड़ों के साथ-साथ अमेरिका के आगामी श्रम बाजार आंकड़ों पर निवेशकों की नजर रहेगी। घरेलू बाजार में 24 सितंबर को नेशनल स्टॉक एक्सचेंज की सूचीबद्धता भी एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम होगी।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) के 22,569 करोड़ रुपये के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) को दूसरे दिन ही पूर्ण अभिदान मिल गया है। पिछले सप्ताह बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 486.8 अंक यानी 0.65 प्रतिशत टूटा, जबकि एनएसई निफ्टी में 51.7 अंक यानी 0.22 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।

प्रमुख खबरें

Asian Games: Vidarsa Vinod ने 10m Air Rifle टीम स्पर्धा में जीता Silver Medal

Asian Games Table Tennis: भारतीय पुरुष और महिला टीम ने Indonesia को 3-0 से हराया

Mumbai में Metro निर्माण का बैरिकेड गिरने से 54 वर्षीय बाइक सवार की मौत

Russia पर Ukraine का बड़ा Drone हमला, 1100 से अधिक मानवरहित विमान गिराने का दावा