Cyclone Murasu: आंध्र प्रदेश के तटीय जिलों में 120 किमी की रफ्तार से टकराया चक्रवात

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 03, 2026

अमरावती, तीन नवंबर गंभीर चक्रवाती तूफान ‘मुरासु’ ने मंगलवार तड़के आंध्र प्रदेश के तटीय क्षेत्र में भारी तबाही मचाई जहां हजारों पेड़ उखड़ गए, बिजली के सैकड़ों खंभे और मछुआरों की नौकाएं क्षतिग्रस्त हो गईं। बापटला और प्रकाशम सहित कई जिलों में भारी बारिश और तेज हवाओं के कारण फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है और कई इलाके पानी में डूब गए हैं। प्रकाशम जिले के कोठापतनम के एक मछुआरे कृष्णम्मा ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘पिछले 14 वर्षों में हमने इतना खतरनाक चक्रवात नहीं देखा।

उन्होंने कहा, ‘‘पिछले चक्रवात में मैंने अपना घर खो दिया था और मेरा परिवार सड़क पर आ गया था। इस बार सरकार ने चक्रवात के तट से टकराने से पहले ही हमें सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया। हालांकि, मेरी तीन नौकाओं में से एक पूरी तरह नष्ट हो गई है।

मछली पकड़ना ही हमारी आजीविका का साधन है।’’ चक्रवात के प्रभाव से हजारों पेड़ उखड़ गए और बिजली के सैकड़ों खंभे टूट गए। इसके अलावा कई इलाके जलमग्न हो गए हैं। भारी बारिश और तेज हवाओं के कारण सड़कों पर दूर तक देख पाना मुश्किल हो गया जिससे राष्ट्रीय राजमार्गों पर वाहन फंस गए और चालकों को काफी परेशानी हुई।

खराब मौसम के कारण यातायात बाधित हुआ और कई स्थानों पर यात्री फंसे रहे। मौसम विभाग के अनुसार, गंभीर चक्रवाती तूफान ‘मुरासु’ मंगलवार तड़के सुबह साढ़े तीन बजे से साढ़े पांच बजे के बीच ओंगोल के पास नेल्लोर और नरसापुर के बीच दक्षिण आंध्र प्रदेश के तट को पार कर गया। इस दौरान हवाओं की रफ्तार 100 से 120 किलोमीटर प्रति घंटे रही।

मौसम विभाग ने बताया कि चक्रवात के मंगलवार दोपहर तक धीरे-धीरे कमजोर होकर चक्रवाती तूफान में बदलने और आधी रात तक अवदाब के क्षेत्र में तब्दील होने के आसार हैं। मंगलवार को तटीय आंध्र प्रदेश के अधिकांश इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। कुछ स्थानों पर भारी से अत्यधिक भारी बारिश और छिटपुट स्थानों पर बहुत भारी बारिश होने के आसार हैं।

प्रमुख खबरें

Delhi Police Protest | दिल्ली पुलिस मुख्यालय के बाहर पुलिसकर्मियों के विरोध-प्रदर्शन के बाद ACP मनस्वी वशिष्ठ सस्पेंड

Tiger Shroff फायरिंग केस: Haryana के करनाल से महिला आरोपी गिरफ्तार

Arabian Sea में Indian Navy का बड़ा ऑपरेशन! अपहृत ईरानी जहाज अज़िनी से 20 चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित बचाया

चक्रवात Cyclone Murasu के असर से Odisha में बारिश, 1.60 लाख लोग सुरक्षित निकाले गए