भारत के खिलाफ Hagley Oval में बेहतर उछाल की उम्मीद, Daryl Mitchell ने पिच को लेकर कही बात

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 24, 2026

बेसिन रिजर्व की पाटा पिच पर पहला टेस्ट मैच ड्रॉ रहने के बाद न्यूजीलैंड के ऑलराउंडर डैरिल मिचेल को उम्मीद है कि भारत के खिलाफ हैगली ओवल में होने वाले दूसरे टेस्ट मैच में बल्ले और गेंद के बीच बेहतर मुकाबला होगा क्योंकि यहां पिच से अधिक उछाल मिलने की संभावना है। मिचेल ने नाबाद 49 रन बनाकर पहला टेस्ट ड्रॉ कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उन्होंने कहा कि बेसिन रिजर्व की पिच ने उम्मीद के मुताबिक व्यवहार नहीं किया।

मिचेल ने शुक्रवार से यहां शुरू होने वाले दूसरे टेस्ट मैच से पहले कहा, ‘‘बेसिन रिजर्व की पिच प्रकृति ऐसी है कि वह शुरुआत में आमतौर पर काफी हरी-भरी दिखती है। हमें उम्मीद नहीं थी कि यह इतनी धीमी होगी और इस पर गेंद नीचे रहेगी। अब हम हैगली ओवल में खेलेंगे और मुझे उम्मीद है कि यहां थोड़ी उछाल होगी।’’ मिचेल ने पहले टेस्ट मैच के अंतिम दिन भारतीय गेंदबाजों के प्रयासों की सराहना की।

उन्होंने कहा, ‘‘भारतीय गेंदबाजों ने पूरे दिन भर अपनी तरफ से सर्वश्रेष्ठ प्रयास किया और कड़ी मेहनत की। इससे गेंदबाजों के शरीर पर काफी दबाव पड़ता है और यह एक बड़ी श्रृंखला भी है। जब उन्होंने हाथ मिलाने (मैच ड्रॉ समाप्त करने) की पेशकश की तो हमने खुशी के साथ इसे स्वीकार किया।’’ उनका मानना ​​है कि क्राइस्टचर्च के मैदान से अच्छी तरह से परिचित होना न्यूजीलैंड के खिलाड़ियों के लिए काफी फायदेमंद साबित होगा।

मिचेल ने कहा, ‘‘हममें से कई खिलाड़ियों ने पिछले एक दशक में हैगली ओवल में काफी क्रिकेट खेली है, इसलिए हम जानते हैं कि यहां की परिस्थितियां कैसी होंगी। टेस्ट क्रिकेट खेलने के लिए यह एक खूबसूरत मैदान है और हम यहां खेलने के लिए उत्सुक हैं।’’ इस 34 वर्षीय खिलाड़ी ने कहा कि ड्रॉ टेस्ट मैच में दोनों टीमों के लिए कुछ सकारात्मक पहलू रहे और वह उससे सीख लेने की कोशिश करेंगे। उन्होंने कहा, ‘‘पहले टेस्ट में दोनों टीम के लिए कुछ सकारात्मक बातें रही जिससे वह प्रेरणा लेने की कोशिश करेंगी।

हम लंबे समय बाद टेस्ट क्रिकेट खेल रहे हैं। मैं जानता हूं कि गेंदबाजों को थोड़ा थकान महसूस हुई होगी लेकिन अब उन्हें कुछ दिन का आराम मिल गया है और वह फिर से खेलने के लिए तैयार हो जाएंगे।’’

प्रमुख खबरें

Delhi Riots मामले में Sharjeel Imam और Umar Khalid की जमानत पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई

राजीव गांधी की हत्या के लिए तैयार किया गया था माहौल, SPG सुरक्षा हटाने पर बोले Rahul Gandhi

Glowing Skin: ढीली स्किन को टाइट करने के लिए लगाएं Rice Flour और Aloe Vera Face Pack, चांद सा खिल उठेगा चेहरा

सामने आकर बोलकर दिखाओ... 9 साल बड़ी Delnaz Daruwala को डेट करने पर ट्रोल हुए Sorab Bedi, अब दिया करारा जवाब