‘पुतिन का दिमाग’ कहे जाने वाले रूसी राष्ट्रवादी विचारक डुगिन की बेटी की कार धमाके में मौत

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Aug 21, 2022

मॉस्को। रूस के राष्ट्रपति ‘व्लादिमीर पुतिन का दिमाग’ कहे जाने वाले रूसी राष्ट्रवादी विचारक अलेक्जेंडर डुगिन की बेटी की मॉस्को के बाहरी इलाके में एक कार विस्फोट में मौत हो गयी। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। मॉस्को क्षेत्र की जांच समिति की शाखा के अनुसार, डारिया डुगिना (29) की एसयूवी (स्पोर्ट्स यूटिलिटी व्हीकल) में लगाए गए बम के कारण शनिवार रात यह विस्फोट हुआ था। डुगिना, अलेक्जेंडर डुगिन की बेटी थी।

इसे भी पढ़ें: हिरासत में लिए गए राकेश टिकैत, बोले- सरकार के इशारे पर काम कर रही पुलिस, अंतिम सांस तक जारी रहेगा संघर्ष

डुगिना भी इसी तरह के विचार प्रकट किया करती थीं और राष्ट्रवादी टीवी चैनल ज़ारग्रेड पर एक टिप्पणीकार के रूप में नजर आई थीं। यूनाइटेड वर्ल्ड इंटरनेशनल के मुख्य संपादक के रूप में कार्य करने को लेकर डुगिना पर मार्च में अमेरिका ने प्रतिबंध लगा दिये थे। इस वेबसाइट को अमेरिका ने एक दुष्प्रचार साइट की श्रेणी में रखा हुआ है। ज़ारग्रेड ने रविवार को कहा, “वह अपने पिता की तरह, पश्चिम के साथ टकराव में सदा सबसे आगे रहीं।”

विस्फोट उस समय हुआ जब डुगिना एक सांस्कृतिक कार्यक्रम के बाद घर लौट रहीं थीं, जिसमें वह अपने पिता के साथ शामिल हुईं थीं। रूसी मीडिया ने कुछ प्रत्यक्षदर्शियों के हवाले से कहा कि कार में डुगिना के पिता को बैठना था, लेकिन आखिरी समय में वह दूसरी कार में बैठ गए। मॉस्को में हुई इस असामान्य और हिंसक घटना के बाद रूस-यूक्रेन के बीच शत्रुता और बढ़नेकी संभावना है। हालांकि, इस मामले में तत्काल किसी भी संदिग्ध की पहचान नहीं हो पाई है, लेकिन अलगाववादी डोनेतेस्क पीपुल्स रिपब्लिक के अध्यक्ष डेनिस पुशिलिन ने इसे “यूक्रेन के चरमपंथियों द्वारा अलेक्जेंडर डुगिन की हत्या की साजिश’’ बताया।

वहीं, यूक्रेन ने इस घटना में अपनी संलिप्तता से साफ इनकार किया है। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की के सलाहकार, मायखाइलो पोडोलीक ने इस हमले में यूक्रेन की संलिप्तता से इनकार करते हुए राष्ट्रीय टीवी पर कहा, “हम रूस की तरह एक आपराधिक देश नहीं हैं, और एक आतंकवादी राज्य तो कतई नहीं हैं।” पुतिन के पूर्व सलाहकार एवं विश्लेषक सर्गेई मार्कोव ने रूस की एक समाचार एजेंसी आरआईए-नोवोस्ती को बताया कि डुगिना नहीं, बल्कि यूक्रेन के निशाने पर संभवत: उनके पिता अलेक्जेंडर डुगिन थे। मार्कोव ने कहा, “यह स्पष्ट है कि सर्वाधिक संभावित संदिग्ध यूक्रेन की सैन्य खुफिया इकाई और यूक्रेनी सुरक्षा सेवा है।

प्रमुख खबरें

Yemen के Taiz शहर में Houthi हमला, रिहायशी इलाके में दो किशोरियों की मौत

Sudan Abyei drone Attack | सूडान-दक्षिण सूडान सीमा पर भीषण तबाही! अब्येई के बाजार में ड्रोन हमले से 153 लोगों की मौत, ईंधन डिपो में लगी भयंकर आग

Illinois Hindu Temple हमले की साजिश को Hate Crime मानकर जांच करे FBI, 105 अमेरिकी सांसदों की मांग

Sachin Khilari ने Asian Para Games में नया रिकॉर्ड बनाकर जीता Gold, भारत का क्लीन स्वीप