ट्रॉली बैग में मिली युवती की लाश मामले का हुआ खुलासा, मृतका के पिता ने ही की हत्‍या

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Nov 21, 2022

उत्तर प्रदेश पुलिस ने मथुरा जिले में यमुना एक्सप्रेस-वे पर राया कट के पास लाल रंग के ट्रॉली बैग में मिली युवती की लाश मामले का खुलासा करते हुए सोमवार को दावा किया कि मृतका के पिता ने ही उसकी हत्‍या की थी। पुलिस के अनुसार, आरोपी पिता को हिरासत में ले लिया गया है और पूछताछ में उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। एक अधिकारी ने बताया कि राया कट के पास लाल रंग के ट्रॉली बैग में मिली युवती की लाश की शिनाख्त कर ली गई है और यह शव आयुषी यादव (21) का है, जो दिल्ली के बदरपुर थाना क्षेत्र के मोड़बंद गांव की रहने वाली थी।

सिंह ने बताया कि रविवार सुबह पुलिस के नंबर पर आए एक अज्ञात फोन से युवती के बारे में सही जानकारी प्राप्त हुई। युवती की तस्वीरों और उसके पास से मिले सामान से उसकी मां व भाई ने पहचान की पुष्टि कर दी। सिंह के अनुसार, जब पुलिस उन तीनों को लेकर मथुरा पहुंची तो मां व भाई ने मुर्दाघर में आयुषी का शव देखकर शिनाख्त कर दी।इस बीच, पुलिस द्वारा की गई पूछताछ में पिता नीतेश यादव ने भी अपना अपराध कबूल कर लिया। सिंह के अनुसार, पूछताछ में आयुषी के परिवार से जानकारी मिली कि नीतेश ने उसकी घर में गोली मारकर हत्या कर दी थी।

उन्होंने बताया कि नीतेश मूलत: गोरखपुर के सुनारड़ी गांव का रहने वाला है और उसके पिता काम की तलाश में दिल्ली आ गए थे, जिसके बाद नीतेश भी वहीं बस गया और व्यापार करने लगा। उसकी बेटी आयुषी बीसीए की छात्रा थी। पुलिस के मुताबिक, आयुषी एक-दो दिन पहले परिवार को बिना बताए कहीं चली गई थी और जब वह 17 नवंबर को घर लौटी, तब उसकी इस हरकत से आग बबूला पिता ने अपनी पिस्तौल से गोली मारकर उसकी हत्या कर दी और उसी रात लाश को ट्रॉली बैग में रखकर यमुना एक्सप्रेस-वे पर फेंक गया।

इसे भी पढ़ें: छत्तीसगढ़ में नक्सलियों ने मशीनों, वाहनों और मोबाइल टावर में लगाई आग

गौरतलब है कि शुक्रवार को यमुना एक्सप्रेस-वे पर सर्विस रोड के पास झाड़ियों में एक ट्रॉली बैग पड़ा मिला था, जिसमें एक युवती की लाश थी। रविवार तक उसकी शिनाख्त नहीं हो पाई थी, लेकिन एक अज्ञात फोन कॉल से उसके बारे में जानकारी मिली, जो पड़ताल में सही निकली। पुलिस ने बताया कि आरोपी पिता हिरासत में है और उससे पूरे मामले से संबंधित जानकारी जुटाई जा रही है। हत्या में प्रयुक्त पिस्तौल पहले ही बरामद की जा चुकी है। अधिकारियों के मुताबिक, हत्‍या की वजह का पता लगाया जा रहा है और जल्द ही इसका भी खुलासा हो जाएगा। पुलिस ने ‘ऑनर किलिंग’ का मालमा होने का भी अंदेशा जताया है।

प्रमुख खबरें

Delhi Police ने 2021 के मर्डर केस में भगोड़ा हरीश उर्फ पिलुआ पकड़ा

न्यूयॉर्क में ICE अधिकारियों की कार्रवाई, कार से टक्कर मारने वाले व्यक्ति पर चलाई गोली

Lilavati Hospital Trust वित्तीय धोखाधड़ी मामला: Mumbai Sessions Court ने FIR के आदेश को सही ठहराया

Ranchi T20: Shai Hope के नाबाद शतक से जीता West Indies, सीरीज 1-1 से बराबर