दीप्ति शर्मा ने रचा इतिहास, महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय में सर्वाधिक 171 विकेट लेकर बनीं शीर्ष गेंदबाज

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Aug 31, 2026

अनुभवी भारतीय ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा रविवार को महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज बन गईं। उन्होंने थाईलैंड के खिलाफ महिला एशिया कप में भारत की 94 रन की जीत के दौरान यह उपलब्धि हासिल की। दीप्ति ने अपने 150वें टी20 अंतरराष्ट्रीय में खेलते हुए 171 विकेट पूरे किए।

दीप्ति ने इस उपलब्धि को गर्व का क्षण बताया, लेकिन कहा कि उनका ध्यान अपनी गेंदबाजी में लगातार सुधार करने और टीम के लिए योगदान देने पर है। उन्होंने कहा, ‘‘150 से ज्यादा विकेट लेने से भी ज्यादा गर्व की बात भारतीय ‘लोगो’ के साथ भारतीय जर्सी पहनना है। एक भारतीय खिलाड़ी के तौर पर सही चीजें करना ही सबसे महत्वपूर्ण है।

’’ उन्होंने कहा, ‘‘मैं यह नहीं सोचती कि मेरा सामना किस खिलाड़ी या टीम से होने वाला है। मेरा ध्यान इस बात पर रहता है कि मैं खुद को कैसे बेहतर बनाती रहूं और अपनी गेंदबाजी इकाई की कैसे मदद करूं। ’’ दीप्ति ने एशिया कप अभियान से पहले ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ में आयोजित शिविर को भी भारतीय टीम का आत्मविश्वास बढ़ाने वाला बताया।

उन्होंने कहा, ‘‘ सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में लगे शिविर ने हमें काफी आत्मविश्वास दिया और अब हम एशिया कप जीतने के लिए उत्सुक हैं। ’’ थाईलैंड के खिलाफ एक भी रन नहीं देने वाली दीप्ति ने भारत के लिए तीन विकेट लेने के दौरान सबसे कम रन देने का रिकॉर्ड भी बनाया। महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय में सबसे ज्यादा विकेट लेने के मामले में दीप्ति शीर्ष पर हैं।

उनके बाद थाईलैंड की थिपाट्चा पुथावोंग 170 विकेट के साथ दूसरे स्थान पर हैं। रवांडा की हेनरिएट इशिमवे 164 विकेट के साथ तीसरे, इंग्लैंड की सोफी एक्लेस्टोन 154 विकेट के साथ चौथे और हांगकांग की कारी चांग 153 विकेट के साथ पांचवें स्थान पर हैं।

प्रमुख खबरें

नेपाल में अचानक आई बाढ़ में फंसे केरल के 31 पर्यटक सुरक्षित स्वदेश लौटे

शेफाली वर्मा के अर्धशतक के बाद लड़खड़ाया मध्यक्रम, भारत ने थाइलैंड के खिलाफ बनाए 159 रन

ओडिशा के विधायकों के वेतन और भत्तों में संशोधन की सिफारिश, संयुक्त संसदीय समिति ने सौंपी राय

निकाय चुनाव जीतने के लिए केवल परिसीमन पर निर्भर है भाजपा: टीकाराम जूली