Deepti Sharma नई भूमिका के लिए तैयार, कप्तान Smriti Mandhana को देंगी पूरा सहयोग

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 22, 2026

भारतीय महिला क्रिकेट टीम की उपकप्तान दीप्ति शर्मा ने बृहस्पतिवार को कहा कि वह अपनी नयी जिम्मेदारी को चुनौती के रूप में ले रही हैं और कप्तान स्मृति मंधाना की हरसंभव मदद करने के लिए तैयार हैं। भारत और जिम्बाब्वे के बीच तीन मैचों की वनडे शृंखला शुक्रवार से शुरू हो रही है। दीप्ति ने कहा कि टीम अपनी हालिया सफलता को आगे बढ़ाने के इरादे से मैदान पर उतरेगी।

जब मुझे इस भूमिका के बारे में पता चला तो अच्छा लगा कि मैं टीम के लिए दूसरी खिलाड़ियों की ज्यादा से ज्यादा मदद कर सकती हूं। यह जिम्मेदारी मिलने पर मैं बहुत खुश थी।” उन्होंने कहा, ‘‘मेरा लक्ष्य टीम के लिए ज्यादा से ज्यादा मैच जीतना है, चाहे मैं खिलाड़ी के रूप में खेलूं या उपकप्तान के तौर पर। इस भूमिका में मैं स्मृति की हरसंभव मदद कर सकती हूं।’’ दीप्ति ने पिच को बल्लेबाजी के अनुकूल बताते हुए कहा कि अगर भारत पहले बल्लेबाजी करता है तो टीम की नजरें 300 रन से अधिक का स्कोर खड़ा करने पर रहेंगी।

उन्होंने कहा, “पिच बहुत अच्छी है। अभ्यास सत्र के दौरान हमें लगा कि यहां बल्लेबाजी करना अच्छा रहेगा। हम काफी मैच खेल चुके हैं और हमारी टीम को अच्छी तरह पता है कि पिच कैसी होगी और परिस्थितियां किस तरह की रहेंगी।

इसलिए हमें काफी हद तक अंदाजा है कि क्या उम्मीद करनी चाहिए।” दीप्ति ने कहा, ‘‘हमारा लक्ष्य 300 रन बनाना होगा। यह हालांकि टॉस के समय पिच और परिस्थितियों पर भी निर्भर करेगा। हम अगर पहले बल्लेबाजी करते हैं तो कम से कम 300 रन बनाने का प्रयास करेंगे।” भारतीय उपकप्तान ने पहले वनडे के लिए टीम के संयोजन का खुलासा करने से इनकार करते हुए कहा कि इस पर फैसला मैच शुरू होने से पहले लिया जायेगा।

दीप्ति ने कहा, ‘‘टीम का संयोजन मैच से ठीक पहले पता चलेगा। हमारे लिए यह जरूरी है कि बल्लेबाजी और गेंदबाजी में अच्छा संतुलन बने। हम जो भी संयोजन चुनेंगे, वह टीम के लिए अच्छा होगा।’’ दीप्ति ने जिम्बाब्वे की टीम को कमतर आंकने से आगाह करते हुए कहा कि प्रतिद्वंद्वी टीम में कई नये खिलाड़ी हैं और टी20 प्रारूप में उसके प्रदर्शन से पता चलता है कि उसके पास अच्छे बल्लेबाज मौजूद हैं।

प्रमुख खबरें

eMudhra ने SSL और TLS सर्टिफिकेट कारोबार छोड़ा, शेयर 20 प्रतिशत टूटा

Jaisalmer में Great Indian Bustard क्षेत्र के पास दो चूना पत्थर खनन परियोजनाओं को मिली मंजूरी की सिफारिश

सहारनपुर PNB करेंसी चेस्ट फेक नोट मामले में NIA ने दो मुख्य साजिशकर्ताओं को पकड़ा

Delhi Police ने पकड़ा अंतरराज्यीय Heroin रैकेट, 60 करोड़ रुपये की खेप संग 7 गिरफ्तार