Delhi Air Pollution में बायोमास और कार्बनिक एयरोसोल की 50.8 प्रतिशत हिस्सेदारी, IITM की रिपोर्ट

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 13, 2026

भारतीय उष्णदेशीय मौसम विज्ञान संस्थान (आईआईटीएम) के प्रदूषण के स्रोतों के आकलन के अनुसार, बायोमास जलाना और द्वितीयक कार्बनिक एयरोसोल बृहस्पतिवार को दिल्ली के वायु प्रदूषण के सबसे बड़े कारण रहे। इन दोनों में से प्रत्येक का शहर के कुल प्रदूषण में 25.4 प्रतिशत योगदान रहा। वाहनों से निकलने वाला धुआं प्रदूषण का तीसरा सबसे बड़ा स्रोत रहा, जिसका योगदान 17 प्रतिशत था।

वहीं, द्वितीयक अकार्बनिक एयरोसोल का प्रदूषण में योगदान 11.8 प्रतिशत रहा। द्वितीयक अकार्बनिक एयरोसोल में नाइट्रेट का योगदान 4.9 प्रतिशत, अमोनिया का 4.1 प्रतिशत और सल्फेट का 2.9 प्रतिशत रहा। द्वितीयक कार्बनिक एयरोसोल हवा में मौजूद बेहद छोटे ठोस कणों या तरल बूंदों को कहते हैं, जो सीधे किसी स्रोत से उत्सर्जित नहीं होते, बल्कि वायुमंडल में विभिन्न गैसों के बीच होने वाली रासायनिक प्रतिक्रियाओं से बनते हैं।

मिश्रित ईंधन दहन से 10.7 प्रतिशत प्रदूषण हुआ, जबकि पटाखों का योगदान 7.1 प्रतिशत रहा। नगरपालिका के कचरे और प्लास्टिक तथा रबर युक्त कचरे को जलाने से 1.5 प्रतिशत प्रदूषण हुआ। वहीं, खनिज धूल और राख का योगदान 0.9 प्रतिशत तथा औद्योगिक उत्सर्जन का 0.2 प्रतिशत रहा।

विशेषज्ञों ने बताया कि द्वितीयक कार्बनिक एयरोसोल वायुमंडल में होने वाली रासायनिक प्रतिक्रियाओं से बनते हैं। इनका स्रोत कुछ उद्योगों, डीजल और पेट्रोल वाहनों तथा बायोमास जलाने से होने वाला उत्सर्जन हो सकता है। राष्ट्रीय राजधानी बृहस्पतिवार को धुंध की मोटी भूरी परत में लिपटी रही।

इससे शहर की इमारतें और दूर तक का नजारा धुंधला पड़ गया। हवा की गुणवत्ता और खराब होने से लोगों को खांसी, आंखों में जलन और सांस लेने में परेशानी का सामना करना पड़ा। यह स्थिति शहर में बढ़ते सार्वजनिक स्वास्थ्य संकट को रेखांकित करती है।

स्वच्छ हवा के बुनियादी अधिकार की मांग को लेकर शहरभर में विरोध प्रदर्शन जारी रहने के बीच दिल्ली का 24 घंटे का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) बुधवार के 313 से बढ़कर बृहस्पतिवार को 350 पर पहुंच गया, जो ‘बेहद खराब’ श्रेणी में आता है। बृहस्पतिवार को आंकड़े दर्ज करने वाले 57 वायु गुणवत्ता निगरानी केंद्रों में से 10 में एक्यूआई गंभीर श्रेणी में, 42 में बेहद खराब श्रेणी में, चार में खराब श्रेणी में और केवल एक में मध्यम श्रेणी में दर्ज किया गया। दिवाली के बाद सोमवार और मंगलवार को प्रदूषण का सबसे बड़ा स्रोत रहे पटाखों का योगदान बृहस्पतिवार को घटकर 7.1 प्रतिशत रह गया।

सोमवार को दिल्ली के कुल प्रदूषण में पटाखों का योगदान 71.1 प्रतिशत और मंगलवार को 29.8 प्रतिशत था। बुधवार को यह घटकर 7.4 प्रतिशत रह गया था। दिल्ली के लिए निर्णय सहायता प्रणाली (डीएसएस) के अनुसार, शुक्रवार को परिवहन क्षेत्र से होने वाले प्रदूषण का योगदान बढ़कर 18.5 प्रतिशत होने का अनुमान है।

इसके शुक्रवार को प्रदूषण का सबसे बड़ा स्रोत बनने की भी आशंका है।

प्रमुख खबरें

Chhath Puja 2026 का भव्य शुभारंभ: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को दीं हार्दिक शुभकामनाएं, जानें चार दिवसीय महापर्व का पूरा महत्व

Nvidia को बड़ा झटका! Jensen Huang के CEO पद से हटने के बाद शेयरों में भारी गिरावट, वॉल स्ट्रीट पर मंडराया AI Bubble फूटने का खतरा

Sabarimala Temple में घी आपूर्ति गबन मामले में Tamil Nadu के दो व्यापारी अरेस्ट

PM Modi कर्नाटक में Pink Line Metro और Vande Bharat समेत कई परियोजनाओं की देंगे सौगात