Delhi PUC Centers: दिल्ली में 500 से ज्यादा प्रदूषण जांच केंद्रों को मिलेंगे 1-1 लाख रुपये

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 17, 2026

दिल्ली सरकार ने वाहन प्रदूषण मानदंडों को सख्ती से लागू करने की दिशा में कदम उठाते हुए राष्ट्रीय राजधानी भर में स्थित 800 से अधिक वायु प्रदूषण जांच केंद्र (पीयूसीसी) को एकमुश्त वित्तीय सहायता प्रदान करने की योजना बनाई है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई मंत्रिमंडल की बैठक में अधिकृत पीयूसी केंद्रों के बुनियादी ढांचे में सुधार के लिए एकमुश्त वित्तीय सहायता प्रदान करने की योजना को मंजूरी दी गई। गुप्ता ने कहा, ‘‘इस योजना के तहत उन लगभग 500 पात्र स्थानों में से प्रत्येक के लिए एक लाख रुपये की एकमुश्त वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी, जहां अधिकृत पीयूसी केंद्र संचालित हो रहे हैं।

यह सहायता इन केंद्रों के उन्नयन और आधुनिकीकरण में मदद करेगी। सरकार इस पहल पर लगभग पांच करोड़ रुपये खर्च करेगी।’’ परिवहन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, दिल्ली भर में लगभग 500 स्थानों पर करीब 827 अधिकृत पीयूसी केंद्र संचालित हैं, जो पेट्रोल, सीएनजी और डीजल वाहनों की प्रदूषण जांच करते हैं। ये केंद्र वाहनों से होने वाले उत्सर्जन की जांच करते हैं और पीयूसीसी जारी करते हैं।

मुख्यमंत्री ने एक बयान में कहा, ‘‘इस योजना से पूरी दिल्ली में अधिकृत पीयूसी केंद्रों के बुनियादी ढांचे और कार्यप्रणाली में सुधार होगा। इन केंद्रों के बाहरी स्वरूप और सुविधाओं में एकरूपता आने से व्यवस्था में अधिक सामंजस्य बनेगा। मजबूत सीसीटीवी निगरानी से जांच प्रक्रिया पर नजर रखना आसान होगा, जिससे केंद्रों पर पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ेगी।’’ एक अधिकारी ने कहा, ‘‘अपर्याप्त सीसीटीवी कवरेज के कारण अनुचित तरीके से पीयूसीसी जारी करने और अन्य अनियमितताओं के आरोप भी लगते रहे हैं।

इस योजना का उद्देश्य सभी अधिकृत पीयूसी केंद्रों को एक समान निर्धारित मानकों के अनुरूप लाकर और जांच प्रणाली को अधिक पारदर्शी व व्यवस्थित बनाकर इन कमियों को दूर करना है।’’

प्रमुख खबरें

177 करोड़ के मनी लॉन्ड्रिंग मामले में यूक्रेन का नागरिक Romania से भारत प्रत्यर्पित

पूर्वी Delhi के Vivek Vihar में पुरानी इमारत ढहने से दो लोगों की मौत, चार घायल

US में Indian Students की संख्या 6 Percent घटी, नए दाखिले 18 फीसदी लुढ़के

SAFF Championship फाइनल में Pakistan को 2-1 से मात देकर India ने लगातार तीसरी बार जीता खिताब