PM Narendra Modi के नेतृत्व के 25 साल पूरे होने पर Delhi Cabinet ने जताया आभार

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 14, 2026

दिल्ली मंत्रिमंडल ने सरकार के प्रमुख के तौर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 25 वर्ष पूरे होने पर उनके नेतृत्व की सराहना की और राष्ट्रीय राजधानी में विकास कार्यों के लिए केंद्र सरकार से मिले सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को यह जानकारी दी। गुप्ता ने संवाददाता सम्मेलन में पिछले एक साल के दौरान बुनियादी ढांचे के विकास और नीतिगत मामलों में उठाए गए कई प्रमुख कदमों का जिक्र करते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने ‘विकसित दिल्ली’ के लक्ष्य को हासिल करने में राष्ट्रीय राजधानी की मदद की है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के 2014 में सत्ता संभालने के बाद से दिल्ली को स्वच्छ भारत मिशन, अटल कायाकल्प और शहरी परिवर्तन मिशन (अमृत) तथा पूंजीगत निवेश के लिए राज्यों को विशेष सहायता योजना (एसएएससीआई) सहित विभिन्न योजनाओं के तहत सहायता मिलती रही है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत दिल्ली को अब तक 1,200 करोड़ रुपये मिले हैं और कूड़े के पहाड़ों को हटाने के काम में प्रधानमंत्री की अहम भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि अमृत योजना के तहत भी करीब 830 करोड़ रुपये मिले हैं।

गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की योजनाओं से दिल्ली को लगातार लाभ मिला है और इन योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाने में कोई कमी नहीं रहने दी गई है। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार के कार्यकाल में कई काम अटके हुए थे, लेकिन 2025 में उनकी सरकार बनने के बाद केंद्र की सभी योजनाओं को दिल्ली में लागू किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने मंत्रिमंडल की पहली बैठक के बाद ही आयुष्मान भारत योजना लागू की, जो देश के अन्य हिस्सों में पहले से लागू थी।

उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत केंद्र सरकार की ओर से पांच लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा कवर दिया गया, जबकि दिल्ली सरकार ने इसमें पांच लाख रुपये और जोड़े। उन्होंने कहा कि आयुष्मान योजना के तहत अब तक नौ लाख लोग पंजीकरण करा चुके हैं और करीब 65,000 दावों का निपटारा किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार की वय वंदना योजना और जन औषधि योजना सहित प्रधानमंत्री की विभिन्न पहलों का लाभ भी लोगों तक पहुंचाया जा रहा है।

गुप्ता ने बताया कि दिल्ली में अब तक करीब 425 आरोग्य मंदिर स्थापित किए जा चुके हैं और सरकार का लक्ष्य इनकी संख्या बढ़ाकर लगभग 1,100 करना है। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना का जिक्र करते हुए कहा कि पिछली सरकार ने इस योजना का लाभ नहीं उठाया, जबकि मौजूदा दिल्ली सरकार अब हर निवासी को आवास उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली में यातायात जाम की समस्या दूर करने की दिशा में काम आगे बढ़ रहा है और यह केंद्र सरकार की ओर से शुरू की गई सड़क एवं बुनियादी ढांचे से जुड़ी कई परियोजनाओं के कारण संभव हुआ है।

प्रमुख खबरें

भारत मिडिल पावर नहीं, बल्कि पावर इन द मिडिल, जयशंकर की दो-टूक- अपने हितों के हिसाब से बनाएंगे नीतियां

Narendra Modi की सियासत के 25 साल: Indian Politics में कैसे स्थापित हुआ मोदी मार्ग?

Narnia Trailer | नार्निया का पहला ट्रेलर रिलीज, मार्वल यूनिवर्स से तुलना पर सोशल मीडिया पर छिड़ी जंग, फैंस की मिली-जुली राय

Air India की Frankfurt-Delhi फ्लाइट में बम की धमकी, Jaipur में कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग