दिल्ली में भारी बारिश के बाद जलभराव, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और मंत्री परवेश सिंह ने लिया जायजा

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jul 09, 2026

नयी दिल्ली, नौ जुलाई: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भारी बारिश के बाद दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बृहस्पतिवार को अपने विधानसभा क्षेत्र के शालामार गांव में जल निकासी व्यवस्था का निरीक्षण किया और अधिकारियों को उचित जल निकासी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। अधिकारियों ने कहा कि दिल्ली में भारी मानसूनी बारिश के बीच सरकार और सभी विभाग जलभराव से निपटने के लिए पूरी तत्परता से काम कर रहे हैं।

सिंह ने संवाददाताओं से कहा, "हमने वादा किया था कि हम दिल्ली के लिए एक उचित जल निकासी व्यवस्था बनाएंगे ताकि लोग वास्तव में बारिश का आनंद ले सकें। पिछले 24 घंटों में, दिल्ली में 100 मिलीमीटर से अधिक बारिश हुई है। उसके बाद भी, मिंटो ब्रिज पर यातायात सुचारू रूप से चल रहा है, लेकिन वहां पहले बड़ी बसें और अन्य वाहन फंस जाते थे।"

उन्होंने कहा कि पीडब्ल्यूडी और सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग जैसी एजेंसियां मानसून का स्वागत करने के लिए तैयार हैं। मंत्री ने कहा, "जहां भी पानी जमा हुआ है, वह 30 मिनट के अंदर निकाल दिया गया। इसे जलजमाव नहीं कहा जा सकता। हमने उन 45 जगहों पर 179 कैमरे लगाए हैं, जहां पहले बहुत ज़्यादा जलभराव होता था। ज़्यादातर मामलों में, 10-15 मिनट के अंदर पानी निकाल दिया गया।"

सिंह ने यह भी कहा कि पीडब्ल्यूडी हर शिकायत पर वास्तविक समय में नजर रख रहा है और हर संवेदनशील जगह की निगरानी की जा रही है। उन्होंने कहा, "हमारा मकसद यह सुनिश्चित करना कि दिल्ली के लोग भारी बारिश के दौरान भी सुरक्षित और भरोसे के साथ आवागमन कर सकें।"

भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, शहर में सुबह 8.30 बजे तक पिछले 24 घंटों में 72.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। एक अधिकारी ने बताया, "जलजमाव के बारे में लगभग 40 शिकायतें मिलीं, जिनमें से दोपहर तक 32 शिकायतों का समाधान कर दिया गया है।"

अधिकारी के मुताबिक, मयूर विहार और सीलमपुर गुरुद्वारा रोड जैसे इलाकों में जलजमाव देखा गया और टीमें इन इलाकों में पानी निकालने के लिए काम कर रही हैं। इसके अलावा विकास मार्ग, पूर्वी दिल्ली के इलाके, नयी दिल्ली रेलवे स्टेशन, मुनिरका, सदर बाजार और द्वारका सहित शहर के कई अन्य हिस्सों में भी जलभराव की सूचना मिली।

अधिकारी ने कहा कि दिल्ली में भारी मानसूनी बारिश के बीच सरकार और सभी विभाग जलभराव से निपटने के लिए पूरी तत्परता से काम कर रहे हैं।

प्रमुख खबरें

Ambedkarwadi बनने का दिखावा क्यों? Mayawati का विपक्ष पर निशाना, बोलीं: दिल-दिमाग साफ करो

गणेश चतुर्थी पर पहनें ये 3 एथनिक Kurta Sets, मिलेगा ग्रेसफुल लुक

पश्चिम बंगाल में 15000 करोड़ रुपये का प्रोजेक्ट शुरू, सीएम ने Robotic Fire-Fighting System का किया ऐलान

Kharif 2026 फसल क्षति पर मिलेगी आर्थिक सहायता, Bihar में 31 अक्टूबर तक करें आवेदन