By अंकित सिंह | Jan 31, 2025
दिल्ली में चुनावी प्रचार जोर पकड़ता दिखाई दे रहा है। चुनावी प्रचार अपने आखिरी चरण में है। कांग्रेस भी दिल्ली में अपनी पूरी ताकत लगा रही है। राहुल गांधी ने पहले ही पार्टी के लिए प्रचार शुरू कर दिया था। पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी जनसभा को संबोधित किया था। इंतजार प्रियंका गांधी का था। आज प्रियंका गांधी ने नांगलोई जाट में एक रोड शो किया। इस दौरान नांगलोई जाट में जबरदस्त तरीके से जन सैलाब उमड़ा था।
इससे पहले कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने विधानसभा चुनाव के प्रचार के बीच यमुना नदी के किनारे पहुंचकर नदी की स्थिति का जायजा लिया तथा पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को उनका एक पुराना वादा याद दिलाते हुए कहा कि वह डुबकी कब लगाएंगे। राहुल गांधी ने यमुना नदी के किनारे पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने का वीडियो को ‘एक्स’ पर जारी किया। उन्होंने कहा, ‘‘केजरीवाल जी, अब तो 2025 आ गया। आप यमुना में डुबकी कब लगाएंगे? दिल्ली इंतज़ार कर रही है।’’ पिछले विधानसभा चुनाव के समय केजरीवाल ने यमुना नदी की सफाई का वादा किया था। राहुल गांधी इन दिनों अपनी हर चुनावी सभा में केजरीवाल के इस वादे का उल्लेख करके उन पर निशाना साध रहे हैं।