By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 20, 2026
दिल्ली सरकार ने अपने नौकरशाहों को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में होने वाली बैठकों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया है। अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि सरकार ने नौकरशाहों को केंद्र या उपराज्यपाल की ओर से बुलाई गई बैठकों में लिए गए निर्णयों और जारी निर्देशों की जानकारी गुप्ता के कार्यालय को भी देने का निर्देश दिया है। सामान्य प्रशासन विभाग (जीएडी) ने अतिरिक्त मुख्य सचिवों, सचिवों और विभागाध्यक्षों को हाल ही में भेजे गए एक पत्र में मुख्यमंत्री की ओर से बुलाई गई बैठकों में शामिल होने और सरकार के महत्वपूर्ण मामलों पर जानकारी साझा करने के प्रोटोकॉल को दोहराया।
विभाग ने अधिकारियों को मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में सीएमओ में बुलाई गई बैठकों में अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। जीएडी ने विभागों के बीच समन्वय को मजबूत करने और यह सुनिश्चित करने के लिए भी निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव दिल्ली सरकार से संबंधित महत्वपूर्ण घटनाक्रमों से अवगत रहें।