Delhi Government वायु प्रदूषण से निपटने के लिए कर रही तैयारी, शुरू की ग्रीष्मकालीन कार्य योजना

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | May 01, 2023

नयी दिल्ली। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने गर्मी के महीनों के दौरान वायु प्रदूषण से निपटने के लिए सोमवार को एक कार्य योजना शुरू की। इसमें धूल प्रदूषण को नियंत्रित करने पर ध्यान केंद्रित किया गया है। दिल्ली सरकार के पास वायु प्रदूषण पर अंकुश लगाने के लिए पहले से ही शीतकालीन कार्य योजना है। शीतकालीन योजना में पराली जलाने, पटाखों से होने वाले प्रदूषण और औद्योगिक एवं वाहनों से होने वाले उत्सर्जन पर ध्यान केंद्रित किया गया है। केजरीवाल ने एक संवाददाता सम्मेलन के दौरान कहा कि ग्रीष्मकालीन योजना में 30 सरकारी विभागों की भागीदारी शामिल है।

धूल प्रदूषण, खुले में कूड़ा जलाने और औद्योगिक क्षेत्रों में कूड़ा डालने पर अंकुश लगाने के लिए गश्ती दल गठित किये गए हैं। सरकार शहर में धूल प्रदूषण की निगरानी के लिए दिन और रात के दौरान क्रमशः 225 और 159 टीमों को तैनात करेगी। अधिक प्रदूषण वाले 13 स्थानों पर अलग अलग अध्ययन किए जाएंगे और इनमें से प्रत्येक स्थान पर एक सचल वायु प्रयोगशाला तैनात की जाएगी। धूल प्रदूषण पर अंकुश के लिए 500 वर्ग मीटर से बड़े निर्माण स्थलों पर कड़ी नजर रखी जाएगी।

केजरीवाल ने कहा कि सरकार ने कचरा स्थलों पर आग की घटनाओं को रोकने के लिए एक मानक संचालन प्रक्रिया तैयार की है। मुख्यमंत्री केजरीवाल ने कहा कि औद्योगिक कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण के लिए भी योजना तैयार की जा रही है। केजरीवाल ने कहा कि एक जगह से निकालकर अन्य किसी जगह पर लगाये गएपेड़ों के बचे रहने की दर में सुधार के लिए एक विशेष टीम का गठन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने यह भी दावा किया कि दिल्ली में वायु प्रदूषण की स्थिति में सुधार हो रहा है, जबकि देश के अन्य हिस्सों में स्थिति और खराब होती जा रही है। उन्होंने कहा कि 2016 और 2022 के बीच वायु प्रदूषण में 30 प्रतिशत की कमी आई है और गंभीर वायु गुणवत्ता वाले दिनों की संख्या 2016 में 26 से घटकर 2022 में केवल छह हो गई।

प्रमुख खबरें

Nepal में होते ही Indian Army Chief Dhiraj Seth की एंट्री, China के लिए बज गयी खतरे की घंटी

SC से Rahul Gandhi को बड़ी राहत, आय से अधिक संपत्ति मामले में HC की सुनवाई रोकी

Harshimrat Kaur ने Amit Shah को लिखा पत्र: Sukhbir Badal पर हमले की NIA से हाई-लेवल जांच की मांग की

Satvik Solar Odisha के गोपालपुर में स्थापित करेगा 3.6 GW का सौर सेल संयंत्र