Delhi Government ने पुनर्गठित कीं 5 भाषा अकादमियां, Kapil Mishra बने अध्यक्ष

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 19, 2026

दिल्ली सरकार ने राजधानी की भाषाई और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन को मजबूत करने के उद्देश्य से पांच भाषा अकादमियों की संचालन परिषदों का पुनर्गठन किया है और पांच उपाध्यक्षों सहित 101 सदस्यों की नियुक्ति की है। एक आधिकारिक बयान के अनुसार, इस पुनर्गठन के तहत हिंदी, संस्कृत, गढ़वाली-कुमाऊंनी-जौनसारी, मैथिली-भोजपुरी और पंजाबी अकादमियां शामिल हैं। कला, संस्कृति एवं भाषा मंत्री कपिल मिश्रा को पांचों परिषदों का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

बयान में कहा गया है कि मनोनीत सदस्यों का कार्यकाल अधिसूचना जारी होने की तारीख से दो साल का होगा। हालांकि, पदेन सदस्य इस कार्यकाल संबंधी प्रावधान के दायरे में नहीं आएंगे। हिंदी अकादमी में 20 सदस्य होंगे, जिनमें उपाध्यक्ष अनिल अग्रवंशी, 15 मनोनीत सदस्य, दो पदेन सदस्य और एक सदस्य सचिव शामिल हैं।

बयान के मुताबिक, संस्कृत अकादमी में 18 सदस्य होंगे, जिनमें प्रोफेसर यशवीर सिंह उपाध्यक्ष होंगे। वहीं, गढ़वाली-कुमाऊंनी-जौनसारी अकादमी में 17 सदस्य होंगे और डॉ. धीरज जोशी को इसका उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। मैथिली-भोजपुरी अकादमी में 22 सदस्य होंगे, जिनमें बिपिन बिहारी उपाध्यक्ष होंगे।

वहीं, पंजाबी अकादमी में 24 सदस्य होंगे और सरदार इम्प्रीत सिंह बख्शी को इसका उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। दिल्ली सरकार के प्रधान सचिव (वित्त) और सचिव (कला, संस्कृति एवं भाषा) पांचों अकादमियों के पदेन सदस्य होंगे। संबंधित अकादमियों के सचिव सदस्य सचिव के रूप में काम करेंगे।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने नवनियुक्त उपाध्यक्षों और सदस्यों को बधाई देते हुए कहा कि दिल्ली भारत की विविध भाषाओं, परंपराओं और संस्कृतियों का संगम है। गुप्ता ने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व से राजधानी की सांस्कृतिक पहचान समृद्ध होगी, इसकी विरासत का दायरा बढ़ेगा और युवा पीढ़ी का अपनी भाषाओं, साहित्य तथा सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ाव मजबूत होगा। मिश्रा ने कहा कि पुनर्गठित परिषदों में विद्वानों, विशेषज्ञों और सांस्कृतिक क्षेत्र से जुड़े अनुभवी लोगों को शामिल किया गया है।

वे दिल्ली की भाषाई विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन और अकादमियों की गतिविधियों को जमीनी स्तर तक पहुंचाने की दिशा में काम करेंगे।

प्रमुख खबरें

Bangladesh Violence | बांग्लादेश में अवामी लीग के लॉकडाउन के बीच भीषण हिंसा! ढाका में बम धमाके, चटगांव में मुहम्मद यूनुस के पैतृक घर को फूंका

Jasprit Bumrah के झटकों के बाद Nicholls और Phillips ने संभाली New Zealand की पारी

Haiti President Jovenel Moise हत्याकांड की साजिश में पादरी Christian Sanon दोषी करार

जमानत पर रिहा होकर रामपुर पहुंचे Azam Khan ने भरी हुंकार, कहा- आगामी यूपी चुनाव महज चुनाव नहीं, बल्कि इंकलाब होगा