By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Sep 17, 2026
दक्षिण दिल्ली पुलिस ने महरौली इलाके के एक घर में हुई चोरी के मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि उसे एक कंपनी के प्रतिनिधि द्वारा महंगा फोन व कपड़े खरीदे जाने की जानकारी मिली, जिसके आधार पर इस मामले को सुलझा लिया गया।
दक्षिण दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) अनंत मित्तल ने एक बयान में कहा कि दीपक लगभग तीन लाख रुपये की मोटरसाइकिल खरीदने की भी योजना बना रहा था। पुलिस ने उसके किराये के मकान पर छापेमारी की और उसे पकड़ लिया। डीसीपी के मुताबिक, पूछताछ के दौरान दीपक ने खुलासा किया कि वह छत के रास्ते शिकायतकर्ता के घर में दाखिल हुआ और सोने व चांदी के जेवर तथा नकदी चुरा ली।
पुलिस ने बताया कि चोरी का माल बाद में गुंजन के पास होने का पता चला, जिसने महरौली के एक सुनार के जरिये सोना बेचने में मदद की थी। डीसीपी ने बताया कि पुलिस ने दीपक के पास से एक आईफोन-15, 27,500 रुपये नकद, चांदी की सात जोड़ी पायल, चांदी की पांच जोड़ी बिछिया और चांदी का एक ब्रेसलेट बरामद किया है। डीसीपी के अनुसार, पुलिस ने गुंजन के पास से लगभग एक किलोग्राम चांदी का सामान और 103 ग्राम सोने का सामान बरामद किया है।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने चोरी का माल बेचने से आए पैसे का भी पता लगाया है, जिसमें 2.58 लाख रुपये का एक चेक भी शामिल है।