Delhi Police ने साइबर गुलामी गिरोह का किया भंडाफोड़, 164 विदेशी नागरिक छुड़ाए

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 26, 2026

दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने अंतरराष्ट्रीय साइबर ठगी, मानव तस्करी और ‘साइबर गुलामी’ के बड़े गिरोह का भंडाफोड़ कर 164 विदेशी नागरिकों को कथित अवैध बंधक से मुक्त कराया है और 174 पासपोर्ट बरामद किए हैं। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। उनके मुताबिक, मोटी तनख्वाह वाली नौकरियों का लालच देकर भारत बुलाए गए इंडोनेशिया और मलेशिया के 164 नागरिक कथित तौर पर साइबर गुलामी के एक जाल में फंस गए।

पुलिस ने बताया कि भारत पहुंचते ही उनके पासपोर्ट जब्त कर लिए गए, उनकी आवाजाही पर पाबंदी लगा दी गई और उनकी जिंदगी अपने ही देश के लोगों को फर्जी कॉल करने तक सीमित कर दी गई। पुलिस ने बताया कि इन विदेशी नागरिकों को पेइंग गेस्ट (पीजी) आवासों में रखा गया, कथित तौर पर घटिया खाना दिया गया और काम करने से इनकार करने पर उनके साथ मारपीट की गई। पुलिस ने बताया कि उन्हें लिखित ‘स्क्रिप्ट’ दी जाती थी, जिसके जरिए वे फर्जी निवेश मंचों के माध्यम से अपने ही देश के अनजान लोगों को ठगने के लिए मजबूर थे।

अपराध शाखा ने दक्षिण-पश्चिमी दिल्ली के द्वारका में कथित अंतरराष्ट्रीय मानव तस्करी और साइबर धोखाधड़ी नेटवर्क पर कार्रवाई की और गिरोह चलाने के लिए इस्तेमाल किए जा रहे परिसरों से 164 विदेशी नागरिकों को बचाया, जिनमें 92 इंडोनेशियाई और 72 मलेशियाई शामिल हैं। इस मामले के सिलसिले में 25 वर्षीय मलेशियाई नागरिक तान गुआन वेई को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, इस गिरोह ने विशेष रूप से इंडोनेशिया और मलेशिया के लोगों को निशाना बनाया और उन्हें भारत में आकर्षक वेतन तथा बेहतर करियर की संभावनाओं का वादा कर यहां बुलाया।

हालांकि, देश में कदम रखते ही कथित तौर पर उनकी यातनाओं का दौर शुरू हो गया। पुलिस ने बताया कि उन्हें ‘साइबर गुलाम’ के रूप में काम करने के लिए मजबूर किया गया। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि जिन लोगों ने विरोध किया या धोखाधड़ी की गतिविधियों में शामिल होने से इनकार किया, उन पर दबाव बनाने के लिए गिरोह के सदस्यों द्वारा कथित तौर पर उनकी पिटाई की गई।

अधिकारी ने कहा कि अब तक उन्हें पता चला है कि लगभग दो लोगों के साथ मारपीट की गई थी। अधिकारी ने बताया कि उन्हें पीजी आवासों और साइबर ठगी कॉल सेंटर के बीच लाने-ले जाने के लिए लगभग 40 कैब का इस्तेमाल किया जाता था लेकिन उन्हें स्वतंत्र रूप से बाहर जाने या अपनी मर्जी से घूमने की अनुमति नहीं थी। पुलिस ने बताया कि उन्हें साइबर धोखाधड़ी के एक विशेष तरीके को अंजाम देने के लिए प्रशिक्षित भी किया गया था।

अधिकारी ने बताया कि उनके निशाने पर मुख्य रूप से मलेशिया और इंडोनेशिया के लोग थे। गिरोह के सदस्य सोशल मीडिया और अन्य संचार माध्यमों पर महिलाओं के नाम पर फर्जी प्रोफाइल बनाकर संभावित पीड़ितों से संपर्क करते थे और उनका भरोसा जीतते थे तथा बाद में फर्जी ट्रेडिंग एवं निवेश मंचों के जरिए अधिक मुनाफे का लालच देकर पैसे निवेश करवाते थे। उन्होंने बताया कि जांच में पता चला कि आरोपी कथित तौर पर जेंट्रिक्स और क्वांटवोरो सहित कई फर्जी ऑनलाइन मंचों, वेबसाइट और एपीके आधारित ऐप के जरिए लोगों को निवेश के नाम पर ठग रहे थे।

अधिकारी ने कहा कि अपराध शाखा को लगभग एक सप्ताह पहले कथित ‘साइबर गुलामी’ गिरोह के बारे में एक ईमेल के जरिए जानकारी मिली, जिसके बाद इसके अधिकारियों ने गिरोह के बारे में खुफिया जानकारी जुटाना शुरू किया। अधिकारी ने कहा कि पूरी जांच के दौरान दो भारतीयों सुनील कुमार और सुशील भाटी के नाम सामने आए। भाटी पीजी आवास और परिवहन सुविधाओं की व्यवस्था करता था।

उन्होंने कहा कि दोनों फरार हैं, दोनों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस के मुताबिक, उनके कुछ बैंक खातों का इस्तेमाल गिरोह के किराये और संचालन संबंधी खर्चों के लिए किए जाने का संदेह है। पुलिस वित्तीय लेनदेन की जांच कर रही है, ताकि ठगी से हासिल रकम के लाभार्थियों का पता लगाया जा सके।

पुलिस ने बताया कि इस मामले में 26 नवंबर को अपराध शाखा थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। बरामद डिजिटल उपकरणों की जांच की जा रही है, ताकि गिरोह के पूरे नेटवर्क, उसके संपर्कों, पीड़ितों और वित्तीय लेनदेन का पता लगाया जा सके। अधिकारी ने बताया कि बरामद मोबाइल फोन में 335 पुराने और इस्तेमाल किए हुए, जबकि 20 नए फोन सीलबंद पैकिंग में थे।

53 सिम कार्ड में 31 अंतरराष्ट्रीय और 22 भारतीय सिम कार्ड शामिल हैं। इसके अलावा सर्वर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामग्री भी जब्त की गई है। पुलिस को 74 पासपोर्ट भी मिले हैं जिनमें 95 इंडोनेशिया और 79 मलेशिया के हैं।

प्रमुख खबरें

2036 Olympic Games: भारत ने IOC आयोग के सामने रखा मेजबानी का खाका, डोपिंग पर कड़े रुख का दिया हवाला

NSE को RBI से मिली हरी झंडी, शुरू होंगे कॉरपोरेट बॉन्ड सूचकांक वायदा अनुबंध

PM-ABHIM के तहत 19,983 स्वास्थ्य इकाइयों को केंद्र की मंजूरी

उत्तराखंड में 2027 से पहले BJP का रिपोर्ट कार्ड, 70 फीसदी चुनावी वादे पूरे करने का दावा