By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 10, 2026
मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के प्रस्तावित प्रदर्शन में शामिल होने के लिए जंतर-मंतर पहुंचने की कोशिश कर रहे करीब 150 प्रदर्शनकारियों को दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार को हिरासत में ले लिया। सूत्रों ने बताया कि ये 150 प्रदर्शनकारी नयी दिल्ली इलाके से अलग-अलग जगहों से हिरासत में लिए गए हैं। नयी दिल्ली के पूरे इलाके में पुलिस प्रदर्शन स्थल तक पहुंचने की कोशिश कर रहे लोगों की आवाजाही पर नजर रखने के लिए ड्रोन का इस्तेमाल कर रही है।
सूत्रों के अनुसार सुरक्षा उपायों के तहत ऐसे लोगों के आवासों के बाहर निगरानी बढ़ा दी गई है। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए राष्ट्रीय राजधानी भर में रणनीतिक स्थानों पर, विशेष रूप से जंतर-मंतर और अन्य संवेदनशील स्थानों की ओर जाने वाले क्षेत्रों में पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले लोगों को लामबंद करने के संभावित प्रयासों पर भी पैनी नजर रख रही है।
दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा कारणों और प्रक्रियात्मक आवश्यकताओं का हवाला देते हुए कॉजपा को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने की अनुमति देने से इनकार कर दिया है। पुलिस ने कहा है कि नयी दिल्ली क्षेत्र में निषेधाज्ञा लागू है और लोगों से इन पाबंदियों का पालन करने की अपील की है। सूत्रों ने बताया कि प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए पूरी दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है, और कानून-व्यवस्था बनाए रखने व किसी भी गैरकानूनी सभा को रोकने के लिए पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं।
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की आड़ में मतदाता सूचियों में गड़बड़ी करने और मतदाता पंजीकरण के दस्तावेज ‘फॉर्म 6’ में बदलाव के लिए दो सहयोगी निर्वाचन आयुक्तों की आपत्ति को दरकिनार करने के आरोप लग रहे हैं। इस मुद्दे को लेकर कॉजपा ने विरोध-प्रदर्शन का आह्वान किया गया है।