By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Sep 15, 2026
दिल्ली पुलिस ने मंगलवार को दलित भाजपा मंडल अध्यक्ष की शिकायत पर पार्टी के मुंडका से विधायक गजेंद्र दराल और अन्य कार्यकर्ताओं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) दलित मंडल के अध्यक्ष ने आरोप लगाया है कि दराल ने पार्टी कार्यालय में उन पर हमला किया और जातिसूचक शब्द बोले।
उसने कहा कि इस मामले में शस्त्र अधिनियम और अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की संबंधित धाराओं को भी लागू किया गया है। सुनील कुमार ने आरोप लगाया है कि भाजपा कार्यालय में उनके साथ मारपीट की गई और जाति सूचक शब्द कहे गए। शिकायत के मुताबिक, कुमार को बृहस्पतिवार शाम को मतदाता सूची पर चर्चा करने के बहाने कार्यालय बुलाया गया था, जहां दराल और अन्य लोगों ने उनके साथ मारपीट की।
कुमार ने आरोप लगाया है कि उन्हें कार्यालय के अंदर बंद कर दिया गया और पाइप, डंडे और बेल्ट से पीटा गया। पुलिस ने कहा कि आरोपों की जांच की जा रही है जिसके आधार पर आगे कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सुनील कुमार ने वीडियो संदेश में दावा किया कि उन्हें रात भर कार्यालय में रोककर रखा गया और कथित घटना के दौरान सीसीटीवी कैमरे बंद कर दिए गए थे।
दिल्ली भाजपा के महासचिव और कार्यालय प्रभारी विष्णु मित्तल की ओर से जारी आधिकारिक पत्र में कहा गया कि मीडिया और सोशल मीडिया पर चल रही खबरों का संज्ञान लेने के बाद, दराल और कंझावला मंडल के अध्यक्ष सुनील कुमार को निर्देश दिया गया है कि वे 16 सितंबर को अपराह्न तीन बजे पार्टी मुख्यालय में राज्य अनुशासन समिति के सामने पेश हों और मामले पर अपना पक्ष रखें। इस घटना के बाद सियासी आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी शुरू हो गया है। आम आदमी पार्टी (आप) ने भाजपा विधायक दराल को बर्खास्त करने की मांग की है।
पूर्वी दिल्ली के कोंडली से आप विधायक कुलदीप कुमार ने आरोप लगाया कि दलित समुदाय के एक सदस्य के साथ नृशंस हिंसा की गई।