Delhi Police ने पूर्वी जिले में महिलाओं की सुरक्षा के लिए Pink Booth और चिल्ला बॉर्डर पर पुलिस बूथ खोला

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 23, 2026

दिल्ली पुलिस ने जन सुरक्षा, पुलिस की मौजूदगी बढ़ाने और महिलाओं की सुरक्षा मजबूत करने के उद्देश्य से पूर्वी दिल्ली में एक ‘पिंक’ बूथ समेत दो बूथ स्थापित किए हैं। अधिकारियों ने बताया कि ‘पिंक‘ बूथ शहीद राजगुरु कॉलेज ऑफ एप्लाइड साइंसेज फॉर वुमेन में स्थापित किया गया है। विशेष पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) देवेश चंद्र श्रीवास्तव ने चिल्ला बॉर्डर और महिला कॉलेज में इन पुलिस बूथ का उद्घाटन किया।

इस दौरान संयुक्त पुलिस आयुक्त (पूर्वी रेंज) मिलिंद महादेव डुंबरे और पूर्वी जिले के पुलिस उपायुक्त राजीव कुमार सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों के अनुसार, चिल्ला बॉर्डर पर स्थापित पुलिस बूथ का उद्देश्य अंतरराज्यीय सीमा पर सुरक्षा मजबूत करना, बीट कर्मियों की गश्त को बढ़ाना और लोगों को पुलिस सहायता आसानी से उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि वहीं, शहीद राजगुरु कॉलेज में स्थापित पिंक पुलिस बूथ का उद्देश्य छात्राओं और आसपास के क्षेत्रों में रहने या काम करने वाली महिलाओं को सुलभ एवं महिला-अनुकूल पुलिस सहायता उपलब्ध कराना है।

दौरे के दौरान विशेष पुलिस आयुक्त ने छात्राओं, शिक्षकों, नागरिक कल्याण संघों (आरडब्ल्यूए), बाजार कल्याण संघों (एमडब्ल्यूए) के प्रतिनिधियों और पुलिस मित्रों से बातचीत की। उन्होंने अपराध रोकने और सुरक्षा संबंधी चिंताओं के समाधान के लिए पुलिस और आम जनता के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को दोनों बूथ पर विशेष ‘निर्भीक’ शिकायत पेटियां लगाने और महिलाओं को डिजिटल माध्यम से शिकायत दर्ज कराने की सुविधा देने के लिए क्यूआर कोड प्रमुखता से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए।

अधिकारियों ने बताया कि ‘पिंक’ पुलिस बूथ से ‘पिंक’ स्कूटर भी जोड़े जाएंगे, ताकि महिलाओं की सुरक्षा के लिए गश्त मजबूत की जा सके और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित हो। विशेष पुलिस आयुक्त ने छात्राओं से बिना किसी झिझक के पुलिस से संपर्क करने की अपील की और उनकी शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया। कार्यक्रम के दौरान पूर्वी जिले की पुलिस टीमों को आपराधिक मामलों की जांच और उनका पता लगाने में किए गए कार्यों के लिए सम्मानित भी किया गया।

प्रमुख खबरें

Odisha Politics में जबरदस्त घमासान, Mohan Charan Majhi ने खोली पुरानी फाइलें, Naveen Patnaik, VK Pandian से लिया जायेगा हिसाब

पूरे Asia में PM का जलवा, जिनपिंग के बाद मोदी दूसरे नंबर पर, Asia में India बना तीसरी सबसे बड़ी ताकत

प्रकाश पर्व पर शबद कीर्तन में शामिल हुए PM मोदी, कहा- सिख गुरुओं के आदर्शों और प्रेरणा से ही बनेगा Viksit Bharat

Mahanadi Coalfields IPO को मिला 1.52 गुना सब्सक्रिप्शन, 27 नवंबर को होगी लिस्टिंग