By अंकित सिंह | Feb 11, 2025
पुलिस अधिकारियों को एक घोषित अपराधी को गिरफ्तार करने से रोकने के लिए आप विधायक अमानतुल्लाह खान के खिलाफ सोमवार को दर्ज की गई। अपनी एफआईआर में दिल्ली पुलिस अपराध शाखा ने आरोप लगाया है कि उन्होंने पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की धमकी देने से पहले उन्हें धक्का दिया और हाथापाई की। पुलिस अब भी अमानतुल्ला खान को तलाश रही है। अमानतुल्लाह खान के खिलाफ FIR दर्ज होने पर डीसीपी साउथ ईस्ट रवि कुमार सिंह ने कहा कि सूचना मिलने पर दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच की टीम दोबारा अपराधी को पकड़ने पहुंची।
आप विधायक अमानतुल्लाह खान के समर्थकों के पुलिस टीम के साथ कथित तौर पर भिड़ने के कारण शाबाज मौके से भाग गया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, हमले के समय अमानतुल्लाह खान घटनास्थल पर मौजूद थे, जिससे आरोपी भागने में सफल रहा। हाल में हुए दिल्ली विधानसभा चुनाव में ओखला विधानसभा सीट पर अमानतुल्लाह खान ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के मनीष चौधरी को 23,639 वोट से हराया। इस चुनाव में खान को 88,392 वोट मिले जबकि भाजपा के चौधरी ने 65,304 वोट प्राप्त किए। खान ने ओखला से लगातार तीसरी बार चुनाव जीता है।