By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 09, 2026
नयी दिल्ली, नौ नवंबर दिल्ली पुलिस ने पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को एक नोटिस जारी कर उनसे राष्ट्रीय राजधानी में 2013 में तृणमूल कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस के साथ हुई झड़प से जुड़े मामले में अपना बयान दर्ज कराने को कहा है। पुलिस सूत्रों ने सोमवार को यह जानकारी दी। सूत्रों ने स्पष्ट किया कि बनर्जी को यह नोटिस मामले में एक गवाह के रूप में दिया गया है, न कि आरोपी के रूप में।
यह मामला अप्रैल 2013 की एक घटना से संबंधित है। स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) के सदस्यों द्वारा पश्चिम बंगाल के तत्कालीन वित्त मंत्री अमित मित्रा पर कथित हमले के विरोध में बनर्जी ने अपने मंत्रियों और सांसदों के एक प्रतिनिधिमंडल के साथ संसद मार्ग पर योजना आयोग (अब नीति आयोग) के पास प्रदर्शन किया था। सुरक्षा चिंताओं और निषेधाज्ञा का हवाला देते हुए दिल्ली पुलिस कर्मियों द्वारा प्रतिनिधिमंडल को आगे बढ़ने से कथित रूप से रोकने की कोशिश के बाद बनर्जी और पुलिस कर्मियों के बीच कहासुनी हो गई थी।
सूत्रों ने बताया कि जांच में गवाह के तौर पर उनका बयान दर्ज करने के लिए यह नोटिस जारी किया गया है।