Delhi में फर्जी Bomb Threats से हड़कंप, Metro से लाल किले तक कड़ी की गई Security।

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Feb 23, 2026

नयी दिल्ली। ईमेल के माध्यम से बम की धमकी मिलने के बाद दिल्ली भर के सभी मेट्रो स्टेशनों और प्रमुख स्थानों पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। दिल्ली सचिवालय, दिल्ली विधानसभा, लाल किला और दो स्कूलों सहित कई संस्थानों को सोमवार को बम से संबंधित धमकी वाले ईमेल मिले और सुरक्षा एजेंसियों द्वारा व्यापक तलाशी के बाद इन्हें फर्जी घोषित कर दिया गया।

अधिकारियों ने बताया कि धमकी भरे ईमेल में दिल्ली बनेगा खालिस्तान लिखा था और कहा गया था कि अगले तीन दिनों में दिल्ली आर्मी स्कूल, लाल किला और मेट्रो स्टेशनों में विस्फोट होंगे। उनके मुताबिक, इस ईमेल में दावा किया गया था कि दोपहर 1:11 बजे दिल्ली आर्मी पब्लिक स्कूल, दोपहर 3:11 बजे विधानसभा और सुबह 9:11 बजे लाल किले में विस्फोट होगा। धमकी भरे ई-मेल में मेट्रो सेवाओं का विशेष रूप से उल्लेख होने के बाद, दिल्ली पुलिस ने दिल्ली मेट्रो रेल निगम नेटवर्क के सभी स्टेशनों पर सुरक्षा तैनाती बढ़ा दी है। पुलिस अधिकारी ने कहा, पूरे शहर में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। सभी मेट्रो स्टेशनों और महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों पर अतिरिक्त बल तैनात किए गए हैं। विध्वंसक गतिविधियों को रोकने के लिए जांच और औचक तलाशी भी की जा रही है।

उन्होंने बताया कि लाल किला, दिल्ली सचिवालय और विधानसभा परिसर सहित संवेदनशील स्थानों पर बम निरोधक दस्ते और श्वान दस्ते की टीमें तैनात की गई हैं। एक अन्य वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा के लिए दिल्ली मेट्रो और अन्य एजेंसियों के अधिकारियों के साथ समन्वय बैठकें आयोजित की गईं। उन्होंने कहा, हमने उत्तर प्रदेश और हरियाणा में अपने समकक्षों से अपने अधिकार क्षेत्र में आने वाले मेट्रो स्टेशनों पर भी सुरक्षा बढ़ाने का अनुरोध किया है। निगरानी बढ़ा दी गई है और सीसीटीवी निगरानी तेज कर दी गई है।

अधिकारी ने कहा कि साइबर टीमें ईमेल के स्रोत का पता लगाने और इसके लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान करने के लिए काम कर रही हैं। अधिकारी ने कहा कि पुलिस ने बताया कि जिन स्थानों पर खतरा था, वहां गहन तलाशी ली गई और कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। हालांकि, एहतियात के तौर पर सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी की जाएगी।

प्रमुख खबरें

पंजाब किंग्स ने मुंबई इंडियंस को दी पटखनी, श्रेयस अय्यर की टीम ने आईपीएल में लगाया जीत का चौका

T20 World Cup के लिए Team India का मास्टरप्लान, South Africa सीरीज में होगा बड़ा एक्सपेरिमेंट

Real Madrid की हार के बीच बेलिंगहैम और विनिसियस में तीखी बहस, बायर्न ने सेमीफाइनल में बनाई जगह

USA में होने वाले World Cup पर बड़ा फैसला, तनाव के बावजूद हिस्सा लेगा Iran, FIFA ने किया साफ