ठंड से कांपी दिल्ली,1901 के बाद दूसरी बार आई ऐसी सर्दी

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Dec 27, 2019

नयी दिल्ली। उत्तरी भारत में बृहस्पतिवार को कड़ाके की ठंड का कहर बरकरार है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में दिसंबर की सर्दी का यह आलम है कि यह 1901 के बाद दूसरी बार ऐसा हो सकता है जब साल का आखिरी महीना इतना सर्द रहा हो। मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में तापमान और भी गिर सकता है। दिल्ली में न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि अधिकतम तापमान 13.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो कि सामान्य से सात डिग्री सेल्सियस कम है। दिल्ली में लगातार 13वें दिन कड़ाके की सर्दी पड़ रही है और इससे पहले 1997 में ऐसा हुआ था जब ऐसे लगातार 17 दिन कड़ाके की सर्दी पड़ी थी।

इसे भी पढ़ें: राजस्थान में हाड़ कंपाने वाली सर्दी, फतेहपुर में तापमान शून्य से भी नीचे गिरा

पंजाब में बठिंडा सबसे ठंडा स्थान रहा जहां तापमान चार डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। फरीदकोट, लुधियाना, पटियाला, हल्वारा, आदमपुर, पठानकोट , अमृतसर में क्रमश: 4.5, 6.6, 6.4, 5.8, 6.8, 6.4 और 6.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दोनों राज्यों की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में तापमान 6.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने बताया कि दोनों ही राज्यों में अगले तीन दिन कड़ाके की ठंड पड़ेगी और कोहरा छाया रहेगा। बीती रात श्रीनगर की सबसे ठंडी रात रही जहां तापमान शून्य से पांच डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया। अधिकारी ने कहा कि शीतकालीन राजधानी जम्मू में न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री सेल्सियस रहा जो कि मौसम के औसत तापमान से 1.8 डिग्री सेल्सियस कम था। द्रास में न्यूनतम तापमान शून्य से 30.2 डिग्री सेल्सियस कम रहा और अधिकतम तापमान शून्य से 13 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने बताया कि लेह में तापमान शून्य से 18 डिग्री सेल्सियस कम रहा।

इसे भी पढ़ें: दिल्ली में घने कोहरे के कारण 100 से ज्यादा ट्रेनों की रफ्तार थमी, हवा भी हुई जहरीली

दक्षिण कश्मीर में बर्फ से ढके पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से 12.7 डिग्री सेल्सियस कम रहा जबकि उत्तरी कश्मीर के गुलमर्ग में तापमान शून्य से 11.2 डिग्री सेल्सियस कम और कुपवाड़ा में शून्य से 5.6 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया। जम्मू के रियासी जिले में कटरा का तापमान 3.2 डिग्री सेल्सियस रहा। अधिकारी ने कहा कि क्षेत्र में सबसे ठंडा स्थान डोडा जिले का भदरवाह था जहां न्यूनतम तापमान शून्य से 2.7 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया। हिमाचल प्रदेश में मौसम शुष्क और सर्द बना हुआ है। यहां न्यूनतम तापमान सामान्य से दो से तीन डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा रहा है। मौसम कार्यालय ने हिमाचल प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में इस साल के अंतिम दिन और नए साल के पहले दिन ताजा बर्फबारी का पूर्वानुमान लगाया है।

प्रमुख खबरें

World Cup Final में हार और पिता का साया छिनने पर टूटे Lionel Messi, कहा- उनके मैसेज का इंतजार आज भी रहता है

Global Market में जबरदस्त उछाल, Gold Price 1.59 लाख के पार, Investors की बढ़ी दिलचस्पी

केंद्र सरकार का बड़ा फैसला: अब Cab Booking से पहले नहीं मांग सकेंगे Tip, Ministry ने कंपनियों को दिए सख्त निर्देश

Bihar में फिर दौड़ेगी Sugar Mill की चाशनी, सुधा की तर्ज पर Vegfed Booth भी खुलेंगे