By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Sep 24, 2026
दिल्ली राज्य कैंसर संस्थान ने ल्यूप्रोलाइड समेत कम आपूर्ति वाली दवाओं की खरीद शुरू कर दी है और अनुपलब्ध एक एंटीबायोटिक दवा के विकल्प के तौर पर अन्य दवाएं उपलब्ध कराई गई हैं। राज्य सरकार ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी एक आधिकारिक बयान के अनुसार, संस्थान ने हाल में वहां दवाओं की कमी की खबरों के बाद उनकी उपलब्धता की जांच की।
संस्थान ने यह भी कहा कि दर्द के उपचार के लिए जरूरी ‘मॉर्फिन’ और ‘ट्रामाडोल’ समेत दवाएं उपलब्ध हैं। बयान में कहा गया कि जिन दवाओं का भंडार कम था, उनके लिए आपूर्ति के आदेश पहले ही जारी किए जा चुके हैं और उपचार में निरंतरता सुनिश्चित करने के लिए खरीद प्रक्रिया में तेजी लाई जा रही है। स्वास्थ्य मंत्री पंकज कुमार सिंह ने कहा कि सरकार दिल्ली राज्य कैंसर संस्थान और दिल्ली के सरकारी अस्पतालों में दवाओं की उपलब्धता पर करीब से नजर रख रही है तथा संस्थान से वास्तविक स्थिति की पुष्टि की गई है और जिन दवाओं का भंडार फिलहाल कम है, उनकी खरीद पहले ही शुरू हो चुकी है।
विभाग ने कहा कि संस्थान में विभिन्न दवाओं की कुल उपलब्धता करीब 90 प्रतिशत है। अधिकतर जरूरी दवाएं बाह्य रोगी विभाग के मरीजों के लिए दवा केंद्र और भर्ती मरीजों के लिए अस्पताल के वार्ड में उपलब्ध हैं।