By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Sep 01, 2026
कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर मंगलवार को शोभायात्रा के कारण दिल्ली के डीबीजी रोड, अजमल खान रोड और आसपास के इलाकों में यातायात प्रभावित होने की संभावना है। पुलिस ने यह जानकारी दी। दिल्ली यातायात पुलिस की ओर से जारी परामर्श के अनुसार, अपराह्न एक बजे शुरू शोभायात्रा के शाम सात बजे तक संपन्न होने की संभावना है।
प्रभावित इलाकों से गुजरने वाले लोगों को अपनी सुविधा के अनुसार पंचकुइयां रोड, न्यू रोहतक रोड और आसपास की अन्य सड़कों का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है। यात्रियों से मार्ग पर तैनात यातायात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करने तथा यातायात संकेतों एवं प्रतिबंधों का ध्यान रखने को भी कहा गया है।