IITF 2024: भारत मंडपम में व्यापार मेले को लेकर Delhi Police ने जारी की ट्रैफिक एडवाइजरी

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 13, 2026

दिल्ली यातायात पुलिस ने भारत मंडपम में 14 से 27 नवंबर तक आयोजित होने वाले 45वें भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले (आईआईटीएफ) को लेकर शुक्रवार को यातायात परामर्श जारी कर कई प्रमुख सड़कों पर यातायात जाम की आशंका के मद्देनजर यात्रियों को सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने की सलाह दी। ‘एक्स’ पर जारी परामर्श के अनुसार, मेले के दौरान मथुरा रोड, भैरों मार्ग, रिंग रोड, शेरशाह रोड, पुराना किला रोड, भगवान दास रोड और तिलक मार्ग पर यातायात जाम रहने की आशंका है। कार्यक्रम में नहीं जाने वाले यात्रियों को इन सड़कों से बचने या वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।

व्यावसायिक आगंतुकों को 14 से 18 नवंबर तक सुबह साढ़े नौ बजे से शाम साढ़े सात बजे के बीच गेट संख्या 3, 4, 6 और 10 से प्रवेश की अनुमति होगी। टिकट ऑनलाइन और सुप्रीम कोर्ट मेट्रो स्टेशन को छोड़कर अन्य मेट्रो स्टेशनों पर उपलब्ध होंगे। अपने निजी वाहनों से आने वाले आगंतुकों के लिए आईटीपीओ बेसमेंट में निर्धारित पार्किंग सुविधा उपलब्ध होगी, जहां भैरों मार्ग-रिंग रोड सुरंग के रास्ते पहुंचा जा सकेगा।

इसके अलावा, भैरों मंदिर पार्किंग और भारत मंडपम बेसमेंट-2 में भी पार्किंग की सुविधा होगी। भारत मंडपम बेसमेंट-2 तक प्रगति सुरंग और मथुरा रोड अंडरपास-4 के जरिए पहुंचा जा सकेगा। पुलिस ने कहा कि आईटीपीओ परिसर के भीतर वाहनों की पार्किंग की अनुमति नहीं होगी।

पैदल आने वाले आगंतुकों के प्रवेश के लिए गेट संख्या 1, 4, 6 और 10 निर्धारित किए गए हैं, जबकि बाहर निकलने के लिए गेट संख्या 1, 4, 7, 9 और 10 का उपयोग किया जाएगा। कैब और ऑटो-रिक्शा यात्रियों के लिए भैरों मार्ग के दोनों ओर 25 ‘पिक-अप प्वाइंट’ बनाए गए हैं। पुलिस ने आगंतुकों को केवल इन निर्धारित स्थानों से ही वाहन लेने और यातायात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी है।

परामर्श में वाहन चालकों से आईटीपीओ और भारत मंडपम के निकास द्वारों के बाहर यात्रियों का इंतजार नहीं करने या उन्हें वहां से लेने के लिए नहीं आने को कहा गया है। पुलिस ने आगंतुकों को अपनी यात्रा की पहले से योजना बनाने और आयोजन स्थल के सबसे नजदीकी सुप्रीम कोर्ट मेट्रो स्टेशन का उपयोग करने की सलाह दी है। यातायात संबंधी सहायता के लिए यात्री दिल्ली यातायात पुलिस की हेल्पलाइन पर संपर्क कर सकते हैं।

प्रमुख खबरें

IOA ने Hockey India को चेताया, Bholanath Singh जांच समिति को तुरंत फंड देने का निर्देश

Indian Railways RAC Rule Change: ट्रेनों में खत्म होगा RAC टिकट! एक बर्थ पर दो यात्री नहीं बैठेंगे

Karnataka को 15,600 करोड़ की सौगात, PM Modi ने शुरू की Pink Line Metro और Vande Bharat

संकट के बीच SpiceJet Shares 5 फीसदी चढ़े, 18 November को फंड जुटाने की तैयारी