By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 20, 2026
दिल्ली में मंगलवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से कम 17.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सुबह नौ बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 161 रहा और वायु गुणवत्ता मध्यम श्रेणी में रही। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, पालम में न्यूनतम तापमान 17.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.6 डिग्री कम है। वहीं, लोधी रोड में न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रहा, जो मौसमी औसत के बराबर है।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, दिल्ली में सुबह नौ बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 161 दर्ज किया गया, जो मध्यम श्रेणी में आता है। वायु गुणवत्ता पूर्व चेतावनी प्रणाली ने अनुमान जताया है कि मंगलवार को दिल्ली की वायु गुणवत्ता मध्यम श्रेणी में रहेगी, जबकि बुधवार से इसके खराब श्रेणी में पहुंचने की आशंका है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, एक्यूआई को शून्य से 50 के बीच ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच ‘गंभीर’ श्रेणी में माना जाता है।